भारत

कोलकाता में EVM को लेकर सियासी घमासान, स्ट्रॉन्गरूम पहुंचीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक दो दिन पहले EVM को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में छेड़छाड़ की आशंका जताई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद स्ट्रॉन्गरूम पहुंच गईं।

TMC का आरोप है कि बैलेट और EVM रखे गए स्ट्रॉन्गरूम तक अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना पहुंच बनाई गई। इसी शिकायत के बाद ममता बनर्जी गुरुवार शाम कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग सेंटर पहुंचीं।

मुख्यमंत्री करीब चार घंटे तक स्ट्रॉन्गरूम के अंदर रहीं। आधी रात के बाद बाहर आकर उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। ममता बनर्जी ने मीडिया से कहा, “उम्मीदवार या उनका एक एजेंट स्ट्रॉन्गरूम के पास रह सकता है। मैंने मीडिया के लिए CCTV कैमरे लगाने का भी सुझाव दिया है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचीं तो शुरुआत में केंद्रीय बलों ने उन्हें अंदर जाने से रोका। ममता ने कहा कि जनता के वोट की सुरक्षा सबसे जरूरी है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कोलकाता के मेयर और TMC नेता फिरहाद हकीम भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी।

वहीं, कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर भी TMC नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। यहां उत्तर कोलकाता की कई सीटों की EVM मशीनें रखी गई हैं। ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना तक स्ट्रॉन्गरूम पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button