भारत-इटली ने रक्षा साझेदारी को किया मजबूत, 2026-27 सैन्य सहयोग योजना पर बनी सहमति

भारत और इटली ने गुरुवार को रक्षा क्षेत्र में अपने संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेट्टो के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में दोनों देशों ने 2026-27 के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान किया।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने कहा कि भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और आपसी सम्मान जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है। बैठक में भविष्य में सैन्य सहयोग बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा और रक्षा उद्योग में साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बढ़ते सहयोग को भी अहम बताया।
Happy to have welcomed my Italian counterpart Mr Guido Crosetto and held extensive talks with him in Delhi today. We discussed a wide range of regional and global issues including the current situation in West Asia.
We also discussed the avenues to further develop mutually… pic.twitter.com/t9hX3YbsZ6
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) April 30, 2026
खास तौर पर Information Fusion Centre-Indian Ocean Region (IFC-IOR) के जरिए समुद्री सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। गुरुग्राम स्थित यह केंद्र हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री निगरानी और क्षेत्रीय समन्वय का महत्वपूर्ण हब माना जाता है।
बैठक के दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति समेत क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। साथ ही भारत के आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम और इटली की रक्षा सहयोग पहलों के तहत रक्षा उद्योग में नए अवसरों पर बातचीत की गई। बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक मुद्दों और भविष्य के रक्षा सहयोग पर सकारात्मक चर्चा हुई है।
भारत दौरे पर आए इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेट्टो ने अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी। इसके अलावा नई दिल्ली में उन्हें ट्राई-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।





