स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ा तनाव—अमेरिकी नौसेना को सख्त कार्रवाई का आदेश

वॉशिंगटन डीसी: डोनाल्ड ट्रंप ने यूनाइटेड स्टेट्स नेवी को बड़ा आदेश देते हुए कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में माइन बिछाने की कोशिश करने वाली किसी भी नाव को तुरंत निशाना बनाया जाए। इस आदेश से इलाके में तनाव और बढ़ गया है।
ट्रंप ने कहा कि छोटी नावें भी अगर समुद्र में बारूदी सुरंग (माइन) डालती दिखें, तो बिना किसी हिचकिचाहट के उन्हें रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी नौसेना पहले से ही इस इलाके में खतरे को कम करने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के माइन स्वीपर जहाज इस समय स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को साफ कर रहे हैं और इस अभियान को और तेज किया जाएगा। गौरतलब है कि यह समुद्री रास्ता दुनिया के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहीं से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है। ऐसे में किसी भी तरह का तनाव वैश्विक बाजार पर असर डाल सकता है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ है। पिछले महीने भी ट्रंप ने इसी तरह की चेतावनी दी थी।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि ईरान की नौसेना कमजोर हो चुकी है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स अब भी छोटी और तेज नावों के जरिए समुद्री ऑपरेशन करने में सक्षम है।





