अमेरिकी नाकेबंदी के बीच भी हॉर्मुज़ से गुजरे प्रतिबंधित टैंकर, बढ़ी टेंशन

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी के बावजूद ईरान से जुड़े जहाज हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मलावी के झंडे वाला और चीन की कंपनी के स्वामित्व वाला टैंकर “रिच स्टार्री” इस अहम जलमार्ग से सफलतापूर्वक गुजर गया। यह जहाज पहले हांगकांग के झंडे के तहत संचालित होता था और 2023 से अमेरिका के प्रतिबंधों की सूची में शामिल है।
बताया जा रहा है कि यह टैंकर मेथनॉल लेकर चीन की ओर जा रहा था। इससे पहले यह जहाज ईरान के क़ेश्म द्वीप के पास से वापस लौट गया था, लेकिन बाद में फिर से कोशिश कर जलडमरूमध्य पार कर गया। इसी तरह एक और टैंकर “एल्पिस”, जो कोमोरोस में पंजीकृत है और 2025 से अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत है, उसने भी नाकेबंदी के बावजूद इस मार्ग से यात्रा की।
ये घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उसके बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी शुरू की है। यह फैसला तब लिया गया जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत विफल हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने इस क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है। यहां कम से कम 15 युद्धपोत तैनात किए गए हैं, जिनमें विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन और कई विध्वंसक जहाज शामिल हैं। हालांकि, यह साफ नहीं है कि इन जहाजों में से कौन सीधे तौर पर नाकेबंदी लागू कर रहा है, क्योंकि अमेरिकी नौसेना के जहाज पूरे क्षेत्र में फैले हुए हैं।
इन प्रतिबंधित जहाजों की आवाजाही यह दिखाती है कि दुनिया के सबसे व्यस्त और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक पर नियंत्रण रखना कितना चुनौतीपूर्ण है। हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से दुनिया की बड़ी मात्रा में ऊर्जा आपूर्ति गुजरती है, जिससे इसकी अहमियत और भी बढ़ जाती है।





