अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान: ‘ईरान से समझौता तभी होगा जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करे’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी होगा जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करेगा। पश्चिम एशिया में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप का यह बयान सामने आया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि किसी भी कूटनीतिक समझौते पर तभी विचार किया जाएगा जब ईरान की मौजूदा सत्ता पूरी तरह झुक जाए और वहां नया तथा स्वीकार्य नेतृत्व सामने आए। उन्होंने कहा कि इसके बाद अमेरिका और उसके सहयोगी ईरान की अर्थव्यवस्था को फिर से मजबूत बनाने और देश में स्थिरता लाने में मदद कर सकते हैं।
“There will be no deal with Iran except UNCONDITIONAL SURRENDER!… IRAN WILL HAVE A GREAT FUTURE. ‘MAKE IRAN GREAT AGAIN (MIGA!).’” – President Donald J. Trump 🇺🇸 pic.twitter.com/H2HKkBVkww
— The White House (@WhiteHouse) March 6, 2026
दरअसल, 28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल ने मिलकर ईरान में सैन्य कार्रवाई की थी। रिपोर्टों के अनुसार इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी।
इस हमले के जवाब में ईरान ने क्षेत्र के कई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इज़राइल से जुड़े लक्ष्यों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। वहीं इज़राइल ने भी तेहरान पर हमले जारी रखते हुए लेबनान में हिज़्बुल्लाह के खिलाफ सैन्य अभियान तेज कर दिया है।
इसी बीच ट्रंप ने पहले यह भी कहा था कि वह ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन में भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई के संभावित उत्तराधिकारी बनने की संभावना की आलोचना करते हुए कहा कि ईरान को ऐसा नेता चाहिए जो देश में शांति और स्थिरता ला सके।
फिलहाल ईरान ने नए सर्वोच्च नेता के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, हालांकि मोजतबा खामेनेई को इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। ईरानी अधिकारियों ने यह भी कहा है कि अभी किसी को अगला सर्वोच्च नेता घोषित नहीं किया गया है।





