कनाडा में पंजाबी मूल की यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

कनाडा के ओंटारियो प्रांत में पंजाबी मूल की 45 वर्षीय यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना 3 मार्च की रात उस समय हुई जब वह एक घर में केयरगिवर और नर्स के तौर पर अपनी ड्यूटी कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, ओंटारियो के ला सैले इलाके में टॉड लेन के 2400 ब्लॉक से रात करीब 9:30 बजे आपातकालीन कॉल मिली। मौके पर पहुंची लासेल पुलिस सेवा और एसेक्स-विंडसर आपातकालीन चिकित्सा सेवाएँ की टीम ने नैन्सी को गंभीर हालत में पाया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विंडसर में जारी है जांच
घटना के बाद पुलिस ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच दो घरों को सील कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को एक घर की सीढ़ियों और आसपास के रास्ते पर कई अहम सबूत मिले हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इसे एक अलग-थलग घटना माना जा रहा है, लेकिन मामले की गहराई से जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी या सीसीटीवी फुटेज हो तो वह पुलिस से संपर्क करे।
सोशल मीडिया पर रहती थीं सक्रिय
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और पंजाब से जुड़े राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती थीं। उन्होंने कई बार खालिस्तानी संगठनों की आलोचना की थी और पंजाब के कुछ नेताओं पर भी सवाल उठाए थे। इसके अलावा वह भारत-कनाडा के रिश्तों और पंजाब से जुड़े कई विवादित मुद्दों पर भी वीडियो बनाती थीं।
परिवार ने बताया—मिल रही थीं धमकियां
नैन्सी की मां शिंदरपाल कौर, जो पंजाब के जालंधर में रहती हैं, ने बताया कि उनकी बेटी को पिछले कई महीनों से धमकियां मिल रही थीं। परिवार के मुताबिक, इस बारे में कनाडा की पुलिस को भी जानकारी दी गई थी।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि कुछ समय पहले विंडसर में नैन्सी के घर में आग लगाने की कोशिश की गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए थे।
2018 में गई थीं कनाडा
नैन्सी ग्रेवाल 2018 में शादी के बाद विदेश चली गई थीं। शुरुआत में उन्होंने पंजाब में संगीत के क्षेत्र में काम करने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में कनाडा में हेल्थकेयर सेक्टर में काम करने लगीं। उनकी मौत की खबर से कनाडा और भारत में रहने वाले पंजाबी समुदाय में शोक और आक्रोश है। परिवार ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।





