पश्चिम एशिया की स्थिति पर भारत-ईरान के बीच बातचीत, एस. जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री से की चर्चा

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकरने गुरुवार को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और हाल के घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत में दोनों पक्षों ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र में तनाव को और बढ़ने से रोकना बेहद जरूरी है। भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि मौजूदा संकट का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही संभव है।
Had a telecon with Iranian FM Seyed Abbas Araghchi this afternoon. @araghchi
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) March 5, 2026
बातचीत के दौरान जयशंकर ने खाड़ी क्षेत्र में रह रहे बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता भी जताई। इसके साथ ही उन्होंने समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। भारत के लिए ये मार्ग बेहद अहम हैं, क्योंकि देश की ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का बड़ा हिस्सा इन्हीं रास्तों से गुजरता है।
दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। खास तौर पर ईरान में विकसित हो रहे चाबहार बंदरगाह प्रोजेक्ट का जिक्र हुआ, जो भारत की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी रणनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब भारत पश्चिम एशिया के कई देशों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, भारत और ईरान दोनों ने आने वाले समय में भी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई है।






One Comment