खेल

T20 World Cup 2026: WI-SA भिड़ंत पर भारत की निगाहें, पहले बल्लेबाजी करेगा वेस्टइंडीज

नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज का दिन अहम है क्योंकि आज के दिन दो महामुकाबले होने हैं. पहला मुकाबला वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका 3 बजे से शुरु होगा जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारत के लिए बेहद अहम दिन इस लिए है क्योंकि सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया का मुकाबला जिम्बाब्वे से है, लेकिन असली नजरें उस मैच पर टिकी हैं जो इससे पहले खेला जाएगा — वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका. यही मुकाबला तय करेगा कि भारत का सेमीफाइनल का सफर आसान रहेगा या कांटेदार.

वेस्टइंडीज जीता तो भारत की राह मुश्किल

सुपर-8 के ग्रुप 1 को इस टूर्नामेंट में ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ का दर्जा दिया गया है और इसकी वजह भी साफ है — इसमें शामिल चारों टीमें लीग स्टेज में अपने-अपने ग्रुप की टॉपर रही हैं. वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका दोनों ही इस टूर्नामेंट में अब तक लगातार पांच-पांच मैच जीतकर आ रहे हैं. आज इनमें से एक का विजयी क्रम टूटना तय है.

टीम इंडिया की दुआ है कि आज वेस्टइंडीज को हार का सामना करना पड़े, क्योंकि अगर कैरेबियाई टीम जीत गई तो भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बेहद क्षीण हो जाएंगी और फिर किसी चमत्कार का ही इंतजार करना होगा.

हेड टू हेड में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी

टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 26 मुकाबले हो चुके हैं. इनमें वेस्टइंडीज ने 14 और दक्षिण अफ्रीका ने 12 मैच जीते हैं. हालांकि जीत का यह अंतर बहुत बड़ा नहीं है, इसलिए दोनों टीमों के बीच हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिलती है. भारत के नजरिए से यह आंकड़ा थोड़ा चिंताजनक जरूर है.

कब और कहां होगा मुकाबला?

वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह निर्णायक मुकाबला आज 26 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. टॉस दोपहर 2:30 बजे होगा और मैच 3 बजे शुरू होगा. गौरतलब है कि इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका पहले भारत को हरा चुका है — और टीम इंडिया चाहेगी कि आज भी प्रोटियाज का जादू बरकरार रहे.

मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button