लोकप्रिय ओड़िया संगीतकार और गायक अभिजीत मजूमदार का निधन, 54 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

ओड़िया संगीत जगत के मशहूर संगीतकार और गायक अभिजीत मजूमदार का रविवार (25 जनवरी 2026) को निधन हो गया। वह भुवनेश्वर स्थित एम्स (AIIMS Bhubaneswar) में इलाज के दौरान अंतिम सांस ले गए। अस्पताल प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। उनकी उम्र 54 साल थी। अभिजीत मजूमदार को 4 सितंबर 2025 को उच्च रक्तचाप, हाइपोथायरॉइडिज्म और गंभीर लिवर बीमारी के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था। लंबे समय तक आईसीयू में इलाज के बाद उन्हें 10 नवंबर को मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट किया गया था।
अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 23 जनवरी को उन्हें अचानक बुखार आया, जिसे संक्रमण माना गया। डॉक्टरों ने तय मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें सेप्टिक शॉक हो गया।
रविवार सुबह 7:43 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत सीपीआर और एडवांस्ड कार्डियोवैस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और सुबह 9:02 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अभिजीत मजूमदार ने कई सुपरहिट ओड़िया फिल्मों में संगीत दिया और अपनी आवाज से कई यादगार गाने गाए। ओडिशा भर में उनके चाहने वालों की बड़ी संख्या है।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक सहित कई राजनीतिक नेताओं और सांस्कृतिक जगत की हस्तियों ने गहरा दुख जताया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “प्रसिद्ध गायक और संगीत निर्देशक अभिजीत मजूमदार के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका जाना संगीत, सिनेमा और हमारी संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और भगवान जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं।”
ବିଶିଷ୍ଟ କଣ୍ଠଶିଳ୍ପୀ ଓ ସଙ୍ଗୀତ ନିର୍ଦ୍ଦେଶକ ଅଭିଜିତ ମଜୁମଦାରଙ୍କ ବିୟୋଗ ବିଷୟରେ ଜାଣି ମୁଁ ଅତ୍ୟନ୍ତ ଦୁଃଖିତ । ତାଙ୍କର ବିୟୋଗ ଆମ ସଙ୍ଗୀତ, ସିନେମା ଓ ସଂସ୍କୃତି ପାଇଁ ଏକ ଅପୂରଣୀୟ କ୍ଷତି। ଶୋକସନ୍ତପ୍ତ ପରିବାର ପ୍ରତି ମୋର ସମବେଦନା ଜଣାଇବା ସହ ଦିବଙ୍ଗତ ଆତ୍ମାଙ୍କ ଶାନ୍ତି ପାଇଁ ମହାପ୍ରଭୁ ଶ୍ରୀଜଗନ୍ନାଥଙ୍କ ନିକଟରେ ପ୍ରାର୍ଥନା… pic.twitter.com/MjXdB9nPUi
— Mohan Charan Majhi (@MohanMOdisha) January 25, 2026





