जाकिर खान ने कॉमेडी से लंबे ब्रेक का किया ऐलान, 3–5 साल तक रह सकते हैं दूर

स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने अपने फैंस को चौंकाने वाली जानकारी दी है। इन दिनों वह अपने स्टैंड-अप कॉमेडी स्पेशल ‘पापा यार’ के साथ देश के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म कर रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने कॉमेडी से लंबा ब्रेक लेने का ऐलान किया है। यह घोषणा उन्होंने हाल ही में हैदराबाद में हुए अपने एक शो के दौरान मंच से की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में जाकिर खान ने दर्शकों से कहा कि वह 2028–29 या फिर 2030 तक कॉमेडी से दूर रह सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह ब्रेक तीन से पांच साल का हो सकता है, ताकि वह अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दे सकें और कुछ निजी चीजों को ठीक कर सकें। जाकिर ने कहा कि शो में मौजूद हर दर्शक उनके दिल के बेहद करीब है और उन्हें हमेशा अपने फैंस का आभार रहेगा।
मंगलवार को जाकिर खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भी इस ब्रेक के संकेत दिए। दुबई पहुंचने के बाद उन्होंने लिखा कि 20 जून तक हर शो एक जश्न की तरह होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार वह सभी शहरों में नहीं जा पाएंगे, इसलिए फैंस से अपील की कि अगर संभव हो तो शो देखने जरूर आएं।
यह पहली बार नहीं है जब जाकिर खान ने अपनी सेहत को लेकर बात की हो। पिछले साल उन्होंने बताया था कि वह करीब एक साल से ठीक महसूस नहीं कर रहे थे, लेकिन काम करते रहे। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले करीब दस सालों से लगातार टूर करना, दिन में दो-तीन शो करना, नींद पूरी न होना, सुबह-सुबह फ्लाइट्स और अनियमित खान-पान ने उनकी सेहत पर बुरा असर डाला है।
जाकिर ने कहा कि उन्हें मंच पर परफॉर्म करना बेहद पसंद है, लेकिन अब ब्रेक लेना जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि इस बार इंडिया टूर कुछ ही शहरों तक सीमित रहेगा और इस स्पेशल की रिकॉर्डिंग के बाद डॉक्टरों ने उन्हें लंबा आराम लेने की सलाह दी है।





