प्रभास की ‘स्पिरिट’ की रिलीज डेट फाइनल, 2027 में सिनेमाघरों में मचेगा तूफान

प्रभास और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘स्पिरिट’ इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चित अपकमिंग फिल्मों में से एक है। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। मेकर्स ने आखिरकार फिल्म की थिएटर रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। ‘स्पिरिट’ 5 मार्च 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
शुक्रवार को फिल्म की टीम ने एक नया पोस्टर शेयर करते हुए रिलीज डेट की जानकारी दी। पोस्टर के साथ लिखा गया, “याद रखिए… #Spirit 5 मार्च 2027 को वर्ल्डवाइड रिलीज हो रही है। #OneBadHabit”। इस घोषणा के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
View this post on Instagram
‘एनिमल’ की बड़ी सफलता के बाद निर्माता भूषण कुमार और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा एक बार फिर साथ आ रहे हैं। यह जोड़ी अपने बेबाक अंदाज और दमदार कहानियों के लिए जानी जाती है। ‘स्पिरिट’ में भी दर्शकों को एक बड़े पैमाने की, इमोशन से भरी और इंटेंस कहानी देखने को मिलने वाली है।
फिल्म में प्रभास एक बेहद दमदार और गंभीर किरदार में नजर आएंगे। वहीं तृप्ति डिमरी की मौजूदगी फिल्म को एक नया और दिलचस्प आयाम देती है। दोनों की जोड़ी को पहली बार इस अंदाज में देखना दर्शकों के लिए खास होगा।
करीब दो हफ्ते पहले, न्यू ईयर 2026 के मौके पर संदीप रेड्डी वांगा ने ‘स्पिरिट’ का पहला लुक पोस्टर रिलीज किया था, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। पोस्टर में प्रभास की पीठ पर गहरे जख्म और टांके नजर आए थे, जबकि तृप्ति डिमरी उन्हें सिगरेट जलाते हुए दिखाई दी थीं। यह दृश्य काफी चर्चा में रहा।
फिल्म में प्रभास लंबे बाल, घनी दाढ़ी और मूंछों के साथ नजर आएंगे। उनके हाथ में शराब का गिलास और चेहरे पर गुस्से व दर्द का मिला-जुला भाव उनके किरदार को बेहद खतरनाक और रहस्यमय बनाता है। उनकी जख्मी पीठ इस बात की ओर इशारा करती है कि कहानी में हिंसा और भावनात्मक गहराई दोनों देखने को मिलेंगी। वहीं तृप्ति डिमरी सादे लेकिन प्रभावशाली लुक में नजर आ रही हैं, जो प्रभास के रफ अंदाज के साथ एक अलग ही कंट्रास्ट बनाता है।
‘स्पिरिट’ को गुलशन कुमार और टी-सीरीज प्रस्तुत कर रहे हैं। यह फिल्म टी-सीरीज फिल्म्स और भद्रकाली पिक्चर्स के बैनर तले बन रही है। फिल्म की कहानी, निर्देशन और एडिटिंग खुद संदीप रेड्डी वांगा ने की है। इसे भूषण कुमार, प्रणय रेड्डी वांगा, कृष्ण कुमार और प्रभाकर रेड्डी वांगा प्रोड्यूस कर रहे हैं।
मेकर्स का दावा है कि ‘स्पिरिट’ एक मासिव पैन-वर्ल्ड एंटरटेनर होगी, जिसमें जबरदस्त स्केल, गहरी भावनाएं और धमाकेदार कहानी देखने को मिलेगी। अब दर्शकों की नजरें 5 मार्च 2027 पर टिकी हैं, जब ‘स्पिरिट’ बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।





