कोलकाता से गुवाहाटी के बीच चलेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन कोलकाता (हावड़ा) से गुवाहाटी के बीच चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार (1 जनवरी 2026) को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी।
रेल मंत्री ने बताया कि यह स्लीपर वंदे भारत ट्रेन अगले 15 से 20 दिनों के भीतर शुरू हो जाएगी। संभावना है कि इसका संचालन 18 या 19 जनवरी के आसपास शुरू हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से इस संबंध में अनुरोध किया गया है और सभी तैयारियां पूरी हैं। ट्रेन की सटीक तारीख की घोषणा अगले दो से तीन दिनों में कर दी जाएगी।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हावड़ा से गुवाहाटी के बीच हवाई यात्रा का किराया आमतौर पर 6,000 से 8,000 रुपये तक होता है, जबकि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया इससे काफी कम रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इस ट्रेन में थर्ड एसी का किराया भोजन सहित लगभग 2,300 रुपये होगा। सेकेंड एसी का किराया करीब 3,000 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया लगभग 3,600 रुपये रखा गया है। रेल मंत्री ने कहा कि किराया तय करते समय खासतौर पर मध्यम वर्ग को ध्यान में रखा गया है। गौरतलब है कि इस साल असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में इस नई ट्रेन सेवा को दोनों राज्यों के लिए एक बड़ी सुविधा के रूप में देखा जा रहा है।





