खालिदा जिया के निधन पर पीएम मोदी का शोक संदेश, जयशंकर ने ढाका में जताई संवेदना

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन के बाद भारत की ओर से शोक जताने के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को ढाका पहुंचे। उन्होंने भारत सरकार और देशवासियों की तरफ से खालिदा जिया के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
ढाका पहुंचने के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकारी अध्यक्ष और खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लिखा गया एक व्यक्तिगत शोक पत्र भी तारिक रहमान को सौंपा।
एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से खालिदा जिया के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। खालिदा जिया का मंगलवार को 80 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से बांग्लादेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
On arrival in Dhaka, met with Mr Tarique Rahman @trahmanbnp, Acting Chairman of BNP and son of former PM of Bangladesh Begum Khaleda Zia.
Handed over to him a personal letter from Prime Minister @narendramodi.
Conveyed deepest condolences on behalf of the Government and… pic.twitter.com/xXNwJsRTmZ
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) December 31, 2025
बुधवार को राजधानी ढाका में खालिदा जिया की अंतिम नमाज़ (जनाज़ा) के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। संसद भवन के पास मणिक मिया एवेन्यू पर आयोजित जनाज़े में शामिल होने के लिए सुबह से ही ढाका और आसपास के इलाकों से लोग पहुंचने लगे थे।
खालिदा जिया के पार्थिव शरीर को अस्पताल से उनके आवास और फिर जनाज़े की जगह तक ले जाया गया। इस दौरान उनके ताबूत को बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज में लपेटा गया था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
खालिदा जिया के निधन पर दुनियाभर के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुख जताते हुए बांग्लादेश के लिए उनके योगदान को याद किया। वहीं, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहीं शेख हसीना ने भी खालिदा जिया के निधन पर शोक संदेश जारी किया है।





