विदेश

कनाडा में भारतीय महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस ने जारी की तस्वीरें

कनाडा के टोरंटो शहर में 30 वर्षीय भारतीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुलिस ने इसे घरेलू हिंसा (इंटिमेट पार्टनर वॉयलेंस) से जुड़ा मामला बताया है। मृतक महिला की पहचान हिमांशी खुराना के रूप में हुई है। टोरंटो पुलिस के अनुसार, इस मामले में 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज कर पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका एक-दूसरे को पहले से जानते थे।

पुलिस को शुक्रवार रात करीब 10:40 बजे महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद शनिवार सुबह लगभग 6:30 बजे, पुलिस ने स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके के एक घर के अंदर महिला का शव बरामद किया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मौत को हत्या करार दिया, जिसके बाद मामला होमिसाइड यूनिट को सौंप दिया गया।

पुलिस का कहना है कि यह मामला निजी रिश्ते में हिंसा से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस पर अभी कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। पुलिस ने आरोपी और मृतका दोनों की तस्वीरें जारी करते हुए आम लोगों से मदद की अपील की है।

कनाडाई मीडिया चैनल CP24 के अनुसार, जांचकर्ता इस हत्या को घरेलू हिंसा से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि अगर किसी को आरोपी के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी है, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करे।

वहीं, टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button