विदेश

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय ट्रक चालक गिरफ्तार, बॉर्डर पेट्रोल की बड़ी कार्रवाई

अमेरिका की बॉर्डर पेट्रोल पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस (CDL) के जरिए ट्रक चला रहे थे। यह कार्रवाई कैलिफोर्निया के एल सेंट्रो सेक्टर में की गई।

यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) विभाग के मुताबिक, इस अभियान के दौरान कुल 49 अवैध अप्रवासियों को पकड़ा गया, जिनके पास कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस पाए गए। यह अभियान 23 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच चलाया गया था, जिसमें कुल 42 ऐसे लोग सामने आए जो अवैध रूप से अमेरिका में रहते हुए ट्रक चला रहे थे।

गिरफ्तार किए गए लोगों में सबसे अधिक संख्या भारतीय नागरिकों की है। इनके अलावा अल सल्वाडोर के दो नागरिक और चीन, एरीट्रिया, हैती, होंडुरास, मैक्सिको, रूस, सोमालिया, तुर्किये और यूक्रेन के लोग भी शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि 31 लोगों को कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस कैलिफोर्निया राज्य ने जारी किए थे। बाकी लाइसेंस फ्लोरिडा, इलिनोइस, इंडियाना, ओहायो, मैरीलैंड, मिनेसोटा, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, पेंसिल्वेनिया और वाशिंगटन जैसे राज्यों से जारी हुए थे।

कस्टम एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई इमिग्रेशन चेकपॉइंट्स पर जांच के दौरान की गई। अधिकारियों का कहना है कि हाल के महीनों में अवैध रूप से रह रहे ट्रक चालकों से जुड़ी कई गंभीर और घातक सड़क दुर्घटनाएं सामने आई हैं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।

एजेंसी ने साफ कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अप्रवासन कानून को सख्ती से लागू करना, अमेरिकी राजमार्गों को सुरक्षित बनाना और कमर्शियल ट्रांसपोर्ट सेक्टर में नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने कहा कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें कभी भी ट्रक चलाने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए थी।

पिछले कुछ महीनों में कई भारतीय नागरिक ट्रक दुर्घटनाओं में शामिल पाए गए हैं। इनमें राजिंदर कुमार का मामला भी शामिल है, जिस पर एक दंपति की मौत के मामले में आपराधिक लापरवाही का आरोप है। अगस्त में फ्लोरिडा में हरजिंदर सिंह को तीन लोगों को कुचलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वहीं, उसी महीने कैलिफोर्निया में प्रताप सिंह को एक 18-व्हीलर ट्रक से कई गाड़ियों को टक्कर मारने के मामले में पकड़ा गया था।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वे आगे भी ऐसी कार्रवाइयों के जरिए सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते रहेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button