बदलते वैश्विक हालात में भारत-जापान साझेदारी अहम: विदेश मंत्री जयशंकर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नई दिल्ली में इंडिया-जापान फोरम के नए संस्करण का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक हालात और अनिश्चितताओं के बीच भारत और जापान का मजबूत सहयोग बेहद जरूरी है। जयशंकर ने X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके संबोधन का मुख्य केंद्र बदलती विश्व व्यवस्था और दोनों देशों के बीच गहरे साझेदारी की जरूरत रहा। उन्होंने कहा कि कई चुनौतियों से निपटने के लिए भारत और जापान को पहले से ज्यादा मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
Pleased to participate in the opening session of #IndiaJapanForum in New Delhi.
Discussed the evolving world order and the imperative of deeper India – Japan cooperation. @AnantaAspen
🇮🇳 🇯🇵 pic.twitter.com/VQSE7kyYAQ
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) December 7, 2025
इंडिया-जापान फोरम एक अहम रणनीतिक संवाद मंच है, जहां दोनों देशों की सरकारों, व्यवसायों, शिक्षा जगत और नीतिगत संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ लोग शामिल होते हैं। इस आयोजन की मेजबानी अनंता सेंटर और विदेश मंत्रालय मिलकर करते हैं। इस साल का लक्ष्य द्विपक्षीय भरोसे को मजबूत करना, नए सहयोग क्षेत्रों की खोज करना और भविष्य के लिए साझा एजेंडा तैयार करना है। इसमें तकनीक, आर्थिक संपर्क, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रशासन जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है।

फोरम में केवल चुनिंदा 70–80 नेताओं और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। चेटम हाउस नियमों के अनुसार, यहां होने वाली चर्चाएं सार्वजनिक नहीं की जाएंगी, ताकि प्रतिभागी खुलकर और बेझिझक विचार रख सकें।
भारत और जापान इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत कर रहे हैं। यह फोरम लंबे समय की प्राथमिकताओं को साथ मिलाकर आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।





