क्रिस्टियानो रोनाल्डो बने फुटबॉल के पहले अरबपति खिलाड़ी

पुर्तगाल के फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब दुनिया के पहले अरबपति फुटबॉलर बन गए हैं। यह जानकारी ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक सामने आई है। रोनाल्डो को यह मुकाम उनकी मौजूदा सऊदी अरब की टीम अल नस्र से मिले बड़े कॉन्ट्रैक्ट की वजह से मिला है। पूर्व रेयाल मैड्रिड, मैनचेस्टर यूनाइटेड और युवेंटस के स्टार खिलाड़ी रोनाल्डो ने जनवरी 2023 में सऊदी प्रो लीग की टीम अल नस्र से जुड़ने के बाद फुटबॉल इतिहास का सबसे महंगा करार किया था। उस समय उनकी सालाना सैलरी करीब 20 करोड़ डॉलर (लगभग ₹303.5 करोड़) थी।
अब जून 2025 में, 40 साल की उम्र में रोनाल्डो ने अल नस्र के साथ दो साल का नया करार किया है, जिसकी कीमत 40 करोड़ डॉलर (लगभग ₹607 करोड़) बताई जा रही है – और वो भी टैक्स फ्री। इस डील के बाद रोनाल्डो की कुल संपत्ति बढ़कर 1.4 अरब डॉलर (लगभग ₹2,120 करोड़) हो गई है।
रोनाल्डो की कमाई सिर्फ फुटबॉल खेलने तक सीमित नहीं है। वे Nike के साथ दस साल की डील कर चुके हैं, जिससे उन्हें हर साल करीब 1.8 करोड़ डॉलर (₹27.3 करोड़) मिलते हैं। इसके अलावा Armani और Castrol जैसी कंपनियों के साथ भी उनके बड़े ब्रांड एंड़ोर्समेंट हैं, जिनसे उन्हें कुल मिलाकर अब तक 17.5 करोड़ डॉलर (₹265.6 करोड़) से ज्यादा की कमाई हुई है। इसके साथ ही, रोनाल्डो ने दुनियाभर में प्रॉपर्टी, बिजनेस और होटल्स में भी निवेश किया है। खासकर पुर्तगाल और स्पेन में उनके कई प्रोजेक्ट हैं।
रोनाल्डो ने पहले भी कहा है कि वे रिटायरमेंट के बाद फुटबॉल क्लब के मालिक बनना चाहते हैं। पुर्तगाली चैनल Canal 11 को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “अगर मैं क्लब का मालिक बन सकता हूं, तो मैनेजर, स्पोर्टिंग डायरेक्टर या सीईओ क्यों बनूं? यही मेरा सपना है, और मुझे यकीन है कि मैं इसे पूरा करूंगा। मैं तो ये भी कहूंगा कि मैं सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई क्लबों का मालिक बनना चाहता हूं।”
अब रोनाल्डो का नाम भी उन चुनिंदा अरबपति खिलाड़ियों में शामिल हो गया है, जिनमें बास्केटबॉल दिग्गज माइकल जॉर्डन और टेनिस स्टार रोजर फेडरर शामिल हैं। जहां फेडरर ने स्विस स्पोर्ट्सवियर ब्रांड On में निवेश से अरबपति का दर्जा हासिल किया, वहीं माइकल जॉर्डन ने Nike के साथ लंबे समय से चली आ रही डील और NBA टीम Charlotte Hornets के मालिक रहते हुए अरबों की कमाई की।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अरबपति बनना सिर्फ उनकी फुटबॉल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि उनके बिजनेस माइंड और ग्लोबल ब्रांड वैल्यू का भी परिणाम है।





