कनाडा में बड़ी कार्रवाई: बिश्नोई गैंग अब आतंकवादी संगठन घोषित

कनाडा सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए भारत के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले गिरोह को आतंकी संगठन घोषित कर दिया है। इस बात की घोषणा सोमवार को कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी अनंदसंगरी ने की।
इस फैसले के बाद कनाडा सरकार को बिश्नोई गिरोह से जुड़े सभी संपत्तियों, पैसों, गाड़ियों और अन्य संसाधनों को जब्त करने का कानूनी अधिकार मिल गया है। इसके साथ ही, कानून प्रवर्तन एजेंसियां अब इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ आतंकी फंडिंग से जुड़े मामलों में जांच और कार्रवाई को और मजबूत तरीके से कर सकेंगी।
मंत्री गैरी अनंदसंगरी ने कहा: “कनाडा में हिंसा और आतंक की कोई जगह नहीं है, खासकर तब जब ये किसी खास समुदाय को डराने और धमकाने के लिए की जा रही हो।” उन्होंने बताया कि यह कदम ऐसे आपराधिक संगठनों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा जो कनाडा की सीमाओं के अंदर काम कर रहे हैं।
सरकारी बयान के अनुसार, बिश्नोई गिरोह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन है, जिसकी जड़ें भारत में हैं लेकिन इसकी गतिविधियां कनाडा में भी सक्रिय हैं, खासकर उन इलाकों में जहां भारतीय प्रवासी समुदाय बड़ी संख्या में रहते हैं। यह गिरोह हत्या, फायरिंग, आगजनी, रंगदारी और डर फैलाने जैसी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। इनके निशाने पर व्यवसायी, सांस्कृतिक हस्तियां और समुदाय के नेता रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना रहा।
कनाडाई कानून के तहत, किसी घोषित आतंकी संगठन को जानबूझकर समर्थन देना या उससे जुड़े धन-संपत्ति से लेन-देन करना अपराध माना जाता है। इस फैसले का असर इमिग्रेशन और बॉर्डर सिक्योरिटी पर भी पड़ेगा, जिससे ऐसे लोगों के कनाडा में प्रवेश पर रोक लगाई जा सकेगी जो इस गिरोह से जुड़े हों। सरकार का कहना है कि यह कदम देश की सुरक्षा एजेंसियों को बिश्नोई गिरोह की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों को रोकने और कनाडा में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने में मदद करेगा।





