भारतमौसम

Mumbai Rains: कभी न रुकने वाले शहर की रफ्तार धीमी! बारिश ने बरपाया कहर

कभी न रुकने वाली मुंबई में भारी बारिश ने रोड ब्लॉकर का काम कर दिया है. मुंबई और महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. मुंबई, ठाणे, पालघर और नवी मुंबई के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव के कारण स्थिति खराब है. आईएमडी ने ठाणे और पालघर जिलों में 18–19 अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इसके चलते स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है.

वहीं, नांदेड़ जिले में 200 से अधिक लोग फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए सेना को बुलाना पड़ा. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुष्टि की कि अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है.

 

बीएमसी ने आवश्यक/आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर, अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी निजी कार्यालयों और प्रतिष्ठानों के लिए आज अवकाश घोषित किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज, मंगलवार, 19 अगस्त 2025 को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) क्षेत्र (मुंबई शहर और उपनगर) में अत्यधिक भारी वर्षा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. संबंधित कार्यालयों और प्रतिष्ठानों को अपने कर्मचारियों को उनके कार्य की प्रकृति के अनुसार तुरंत घर से काम करने का निर्देश देना चाहिए.

इसके अलावा, इंडिगो एयरलाइंस ने एक यात्रा एडवाइजरी जारी की है. ट्वीट में लिखा है, “मुंबई में भारी बारिश के कारण, हवाई अड्डे तक पहुँचने वाले कई मार्गों पर जलभराव और यातायात में सुस्ती देखी जा रही है. इसके कारण परिचालन संबंधी चुनौतियाँ पैदा हुई हैं, जिससे प्रस्थान और आगमन दोनों में देरी हो रही है और हमें इससे होने वाली असुविधा के लिए सचमुच खेद है…”

इसके साथ ही उन्होंने आगे लिखा, अगर आपकी यात्रा तय है, तो हम आपको सलाह देते हैं कि आप थोड़ा पहले निकल जाएँ और हमारे ऐप या वेबसाइट के ज़रिए अपनी उड़ान की स्थिति पर नज़र रखें. हमारी टीमें स्थिति पर कड़ी नज़र रख रही हैं और परिचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी लगन से काम कर रही हैं. आपकी सुरक्षा, आराम और मन की शांति हमारी प्राथमिकता है, और हम आपके धैर्य और समझदारी की कद्र करते हैं.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button