डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान: पीएम मोदी मेरे मित्र, भारत से कभी इतने अच्छे रिश्ते नहीं थे
वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार शाम को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट दोबारा शेयर किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की गई थी। इस पोस्ट में कहा गया था कि भारत अमेरिका पर “100 प्रतिशत भरोसा” कर सकता है।
यह पोस्ट भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर द्वारा किए गए एक संदेश और एक वीडियो से जुड़ा था। यह वीडियो नई दिल्ली के भारत मंडपम में अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम का था, जहां ट्रंप ने फोन कॉल के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया। सर्जियो गोर ने बताया कि ट्रंप ने फोन पर कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी से बहुत प्यार करता हूं। भारत के साथ हमारे रिश्ते पहले से कहीं बेहतर हैं।”
कार्यक्रम के दौरान गोर ने फोन को माइक के पास रखा, जिससे वहां मौजूद लोगों और राजनयिकों ने ट्रंप की बात सुनी। ट्रंप ने कहा, “मैं सभी को नमस्कार कहना चाहता हूं। प्रधानमंत्री मोदी मेरे दोस्त हैं और वह बहुत अच्छे नेता हैं। भारत और अमेरिका के रिश्ते पहले से कहीं मजबूत हुए हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत को कभी मदद की जरूरत होगी, तो वह सीधे संपर्क कर सकता है। इस कार्यक्रम में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और कई वरिष्ठ राजनयिक मौजूद थे। ट्रंप ने रुबियो की भी तारीफ की और उन्हें अमेरिका का अब तक का “सबसे अच्छा विदेश मंत्री” बताया।
कार्यक्रम में मार्को रुबियो ने भी भारत को अमेरिका का अहम रणनीतिक साझेदार बताया और दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर जोर दिया। ट्रंप ने अंत में प्रधानमंत्री मोदी के लिए संदेश देते हुए कहा, “मोदी को मेरा नमस्कार कहना और बताना कि मैं उनका बड़ा प्रशंसक हूं।”





