Meta Alert ने बचाई छात्रा की जान, 19 मिनट में घर पहुंची यूपी पुलिस

उत्तर प्रदेश पुलिस की तुरंत कार्रवाई और मेटा (Meta) से मिले अलर्ट के चलते गोरखपुर में एक छात्रा (18) की जान बचा ली गई. 29 जुलाई 2025 को गोरखपुर की 18 वर्षीय छात्रा ने इंस्टाग्राम पर फांसी का फंदा बनाकर “गुड बाय इन माय लाइफ” लिखते हुए तस्वीर पोस्ट की. छात्रा के इस पोस्ट के बाद मेटा ने देर रात 12:48 बजे यूपी पुलिस मुख्यालय को ईमेल के जरिए अलर्ट भेजा, जिसके बाद पुलिस ने छात्रा की जान बचा ली.
दरअसल, गोरखपुर की निवासी एक छात्रा ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की, साथ ही कैप्शन में लिखा ‘गुड बाय इन माय लाइफ’. इस पोस्ट को मेटा कंपनी ने तुरंत संज्ञान में लिया और 29 जुलाई, 2025 को देर रात 00:48 बजे पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ईमेल के जरिए अलर्ट भेजा.
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने इस अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर ने मेटा से मिली जानकारी और उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर छात्रा की लोकेशन का पता लगाया और तुरंत गोरखपुर पुलिस को सूचित किया.
जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यालय से मिली सूचना और लोकेशन के आधार पर थाना बेलघाट के सब-इंस्पेक्टर और एक महिला कांस्टेबल की टीम सिर्फ 19 मिनट के भीतर छात्रा के घर पहुंच गई. उन्होंने परिजनों से जानकारी ली और उन्हें साथ लेकर छात्रा के पास पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छात्रा की जान बचाई. परिजनों के सहयोग से छात्रा को प्राथमिक उपचार दिया गया.





