खेल

India vs England दूसरा टेस्ट: एजबेस्टन की पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग इलेवन

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया बुधवार, 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मुकाबले में उतरने जा रही है। पांच मैचों की इस सीरीज में भारत फिलहाल 0-1 से पीछे है और एजबेस्टन में जीत हासिल कर वापसी करने की कोशिश करेगा। इस मुकाबले से पहले एजबेस्टन की पिच और मौसम को लेकर खास जानकारी सामने आई है, जो दोनों टीमों की रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

एजबेस्टन की पिच पर शुरूआती दो दिन तेज गेंदबाजों को भरपूर मदद मिलने की उम्मीद है। नई ड्यूक बॉल और बादलों से ढके आसमान की वजह से पहले दिन सीम मूवमेंट और बाउंस देखने को मिल सकता है, जिससे बल्लेबाजों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। अगर बादल छाए रहे तो पिच और खतरनाक बन सकती है और शुरुआती विकेट जल्दी गिर सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा सकता है। उनके साथ शार्दुल ठाकुर को भी बाहर बिठाया जा सकता है। इनकी जगह नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह में से दो खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। डेशकाटे पहले ही दो स्पिनरों के संयोजन को सही ठहरा चुके हैं, ऐसे में कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा/वॉशिंगटन सुंदर में से दो स्पिनर मैदान पर उतर सकते हैं।

दूसरी तरफ, इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 सोमवार को ही घोषित कर दी थी। कोच ब्रैंडन मैकुलम और टीम मैनेजमेंट ने पहले टेस्ट की जीत के बाद उसी टीम पर भरोसा जताया है और कोई बदलाव नहीं किया गया है। इंग्लैंड की वही टीम खेलेगी जो लीड्स टेस्ट में उतरी थी।

भारत की संभावित प्लेइंग-11:

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन/करुण नायर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा/वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह/आकाश दीप, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा/अर्शदीप सिंह।

इंग्लैंड की घोषित प्लेइंग-11:

जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।

दूसरे टेस्ट में एजबेस्टन की पिच शुरूआती दो दिन तेज गेंदबाजों के लिए मुफीद रहेगी, जबकि बीच के दिनों में बल्लेबाजों को मदद मिलेगी। आखिरी दिन स्पिनर अहम भूमिका निभा सकते हैं। मौसम पहले और आखिरी दिन कुछ परेशानी खड़ी कर सकता है, लेकिन कुल मिलाकर मैच के अधिकतर हिस्से में खेल संभव नजर आ रहा है। भारत की नजरें इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में बराबरी करने पर होंगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button