विदेश

रूस का अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला, यूक्रेन के कई शहरों में धमाके, दो की मौत

रविवार, 29 जून को रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। यूक्रेन के एक अधिकारी ने बताया कि इस हमले में रूस ने कुल 537 हवाई हथियार दागे, जिनमें 477 ड्रोन और नकली लक्ष्य (डिकॉय) शामिल थे। इसके अलावा 60 मिसाइलें भी दागी गईं। यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया है कि इनमें से 249 को मार गिराया गया, जबकि 226 ड्रोन और मिसाइलें शायद इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग की वजह से नष्ट हो गईं।

यूक्रेन की वायुसेना के प्रवक्ता यूरी इहनात के मुताबिक, फरवरी 2022 में रूस के पूरे यूक्रेन पर हमले की शुरुआत के बाद यह सबसे बड़ा हवाई हमला था। इस हमले में सिर्फ सीमावर्ती इलाकों को ही नहीं, बल्कि देश के पश्चिमी हिस्सों को भी निशाना बनाया गया। लविव, पोल्टावा, मिकोलाइव, निप्रोपेत्रोवस्क और चेरकासी जैसे इलाकों में जोरदार धमाके सुने गए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह हमला दिखाता है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध को जारी रखने का फैसला पहले ही कर चुके हैं, जबकि पूरी दुनिया शांति की अपील कर रही है। ज़ेलेंस्की ने अमेरिका से पैट्रियट एंटी-मिसाइल सिस्टम देने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि “यूक्रेन को अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करनी होगी, यही लोगों की जान बचाने का सबसे अच्छा तरीका है।”

हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो हाल ही में दोबारा राष्ट्रपति बने हैं और रूस के प्रति नरम रवैया अपना रहे हैं, उन्होंने अब तक यूक्रेन की इस मांग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

इस बीच, रूसी विदेश खुफिया प्रमुख सर्गेई नारिशकिन ने बताया कि उन्होंने अमेरिका की सीआईए के प्रमुख जॉन रैटक्लिफ से फोन पर बात की है। उन्होंने कहा कि दोनों ने किसी भी समय आपसी हित के मामलों पर बातचीत करने के लिए संपर्क में रहने पर सहमति जताई है। हालांकि बातचीत के विषयों का खुलासा नहीं किया गया। हमले के चलते कई इलाकों में जान-माल का नुकसान भी हुआ। खेरसॉन इलाके में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, खारकीव क्षेत्र में एक गाड़ी पर ड्रोन हमला हुआ, जिससे एक और व्यक्ति की जान गई। चेरकासी में छह लोग घायल हुए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।

यह हमला यूक्रेन पर रूस की आक्रमकता को दर्शाता है और शांति की संभावनाओं को और धुंधला कर गया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button