भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी, चौथी तिमाही की GDP वृद्धि 7.4% पर पहुंची

वित्त वर्ष 2024-2025 की जनवरी-मार्च तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था ने जोरदार प्रदर्शन किया. जनवरी-मार्च तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 7.4 फीसदी रही है, जो पिछले 4 तिमाहियों में सबसे ज्यादा है. पूरे वित्त वर्ष 2024-2025 में जीडीपी 6.5 फीसदी की दर से बढ़ी. शुक्रवार (30 मई) को जारी सरकारी डेटा में यह जानकारी दी गई है.
NSO के दूसरे अग्रिम अनुमानों के अनुसार, देश की अर्थव्यवस्था 2024-25 में 6.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है. भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 6.5 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि का अनुमान लगाया था. 2023-24 में, भारत की जीडीपी में 9.2 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि हुई, जो सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बनी रही.
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2021-22 और 2022-23 में अर्थव्यवस्था क्रमशः 8.7 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत बढ़ी. वित्त मंत्रालय ने मार्च 2025 में एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया था कि भारतीय अर्थव्यवस्था, काफी बाहरी बाधाओं के बावजूद, 2024-25 में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल कर लेगी.
RBI ने जताया था यह अनुमान
बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने गुरुवार (29 मई) को कहा था कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत के लिए रियल जीडीपी ग्रोथ 6.5 फीसदी रहने का अनुमान है, जिसमें रिस्क समान रूप से संतुलित हैं. आरबीआई ने अपनी ‘2024-2025 वार्षिक रिपोर्ट’ में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अपने मजबूत आर्थिक बुनियादी सिद्धांतों, फाइनेंशियल सेक्टर और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के प्रति प्रतिबद्धता के साथ वित्त वर्ष 2026 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बनी रहेगी.





