विदेश

भारत-पाकिस्तान युद्धविराम के कुछ घंटों बाद ही पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन

भारत और पाकिस्तान के बीच 86 घंटे तक चला युद्ध शनिवार शाम 5 बजे समाप्त हो गया जब दोनों देशों ने संघर्षविराम पर सहमति जताई। लेकिन इस शांति प्रयास को पाकिस्तान ने ज्यादा देर तक नहीं निभाया। सीजफायर के महज चार घंटे बाद ही पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में कई इलाकों में गोलीबारी कर संघर्षविराम का उल्लंघन कर दिया।

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू के अखनूर, राजौरी, आरएसपुरा और पलनवाला सेक्टरों में तोपों से गोलाबारी की। इसके अलावा, कश्मीर के बारामूला जिले में एक संदिग्ध ड्रोन धमाके की खबर भी सामने आई है। इन हमलों के बाद सीमा से लगे कई इलाकों में ब्लैकआउट कर दिया गया है। श्रीनगर के कुछ हिस्सों में भी बिजली आपूर्ति रोक दी गई है।

सीजफायर उल्लंघन पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने ट्वीटर पर ट्वीट कर लिखा, आखिर संघर्ष विराम का क्या हुआ? श्रीनगर में धमाकों की आवाजें सुनी गईं!!


सरकार ने सीमा पर स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बलों को जवाबी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बीएसएफ और सेना को सतर्क रहने और हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देने को कहा गया है। वहीं, राजस्थान के पोकरण इलाके में भी कई संदिग्ध ड्रोन देखे गए, जिन्हें भारतीय डिफेंस सिस्टम ने समय रहते नष्ट कर दिया।

विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने बताया कि शनिवार दोपहर 3:35 बजे दोनों देशों के DGMO के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें यह फैसला लिया गया था कि शाम 5 बजे से दोनों देश हमले बंद करेंगे। अब यह तय हुआ है कि 12 मई को दोनों देशों के अधिकारी आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

सीजफायर के उल्लंघन के बावजूद भारत की सेना पूरी तरह से तैयार है और किसी भी हालात से निपटने में सक्षम है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button