भारत-पाकिस्तान में संघर्षविराम लागू, सिंधु जल संधि अब भी स्थगित

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम पांच बजे से आधिकारिक रूप से संघर्ष विराम लागू हो गया है। दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों की बातचीत के बाद यह अहम फैसला लिया गया है। विदेश मंत्रालय के सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि ज़मीन, हवा और समुद्र – तीनों मोर्चों पर अब सभी तरह की सैन्य कार्रवाई और गोलीबारी रोक दी गई है।
मिस्री ने बताया कि यह सीजफायर किसी पूर्व शर्त या बाद की शर्त के तहत नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत की आतंकवाद को लेकर नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही, भारत ने यह भी कहा है कि सिंधु जल संधि अभी भी स्थगित रहेगी, और अन्य सभी द्विपक्षीय उपायों पर फिलहाल विराम रहेगा।
There is no pre or post-condition of the ceasefire. The call was initiated from Pakistan. The Indus Water Treaty to remain in abeyance: MEA sources pic.twitter.com/JxK1yPdTX7
— ANI (@ANI) May 10, 2025
संघर्षविराम की घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर पाकिस्तान ने अपने सभी हवाई अड्डों को सामान्य उड़ान संचालन के लिए खोलने की घोषणा की। पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण (PAA) ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि अब देश का हवाई क्षेत्र पूरी तरह से बहाल हो चुका है और यात्रियों को अपनी उड़ानों की जानकारी संबंधित एयरलाइनों से प्राप्त करनी चाहिए।
गौरतलब है कि भारत-पाक तनाव के चलते पाकिस्तान ने कुछ समय के लिए हवाई क्षेत्र को आंशिक रूप से बंद कर दिया था, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारत से संपर्क साधा था, जिसके बाद सीजफायर पर सहमति बनी। अगली DGMO स्तर की बातचीत 12 मई को प्रस्तावित है, जिसमें आगे की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।





