भारत-पाक तनाव के बीच अमेरिका ने पाकिस्तान में अपने कर्मचारियों की आवाजाही पर लगाई रोक

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिका ने एहतियात के तौर पर पाकिस्तान में मौजूद अपने दूतावास और कांसुलेट्स के कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अमेरिकी मिशन ने शुक्रवार को एक सुरक्षा चेतावनी जारी करते हुए बताया कि पाकिस्तान की सेना ने 10 मई को देश के नागरिकों को निर्देश दिया है कि वे अगले आदेश तक घरों में ही रहें। इस स्थिति को देखते हुए अमेरिकी अधिकारियों ने अपने सभी स्टाफ को फिलहाल किसी भी तरह की यात्रा या सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहने को कहा है। साथ ही यह भी बताया गया है कि हालात की दोपहर बाद समीक्षा की जाएगी।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भी पाकिस्तान के लिए जारी अपनी यात्रा चेतावनी को दोहराते हुए कहा है कि विशेष रूप से भारत-पाकिस्तान सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास के इलाकों में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। मंत्रालय ने अमेरिका के नागरिकों को पूरे पाकिस्तान में यात्रा पर पुनर्विचार करने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि यदि कोई अमेरिकी नागरिक संघर्षग्रस्त इलाके में फंसा हुआ है, तो उसे तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की कोशिश करनी चाहिए और यदि ऐसा संभव न हो, तो वहीं रुककर खुद को सुरक्षित रखने के उपाय करने चाहिए। चेतावनी में यह भी उल्लेख किया गया है कि पाकिस्तान से आने-जाने वाली फ्लाइट्स की स्थिति फिलहाल अस्थिर है, इसलिए यात्री अपनी यात्रा से पहले एयरलाइन से जानकारी अवश्य लें।
अमेरिकी मिशन ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे सैन्य गतिविधियों के आसपास जाने से बचें, अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा योजना की समीक्षा करें, कम प्रोफ़ाइल बनाए रखें, पहचान पत्र अपने पास रखें और स्थानीय प्रशासन से पूरा सहयोग करें। मौजूदा हालात को देखते हुए अमेरिका की यह सतर्कता बताती है कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अब वैश्विक चिंता का विषय बनता जा रहा है।





