RCB के सामने सीएसके की चुनौती, चिन्नास्वामी में हो सकता है हाई स्कोरिंग मुकाबला

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का 52वां मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। आरसीबी की कप्तानी रजत पाटीदार के हाथ में होगी, जबकि सीएसके की कमान एक बार फिर अनुभवी एमएस धोनी संभालेंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन अब उनका मकसद दूसरी टीमों की राह मुश्किल करना होगा। ऐसे में आज आरसीबी उनके निशाने पर हो सकती है। वहीं मेजबान आरसीबी के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। टीम के पास फिलहाल 14 अंक हैं और वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। जीत की सूरत में प्लेऑफ का टिकट और करीब आ जाएगा।
बेंगलुरु का चिन्नास्वामी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए हमेशा से पसंदीदा रहा है। यहां की छोटी बाउंड्री और पिच की उछाल बल्लेबाजों को बड़े शॉट्स खेलने का मौका देती है। हालांकि इस सीजन अब तक सिर्फ एक बार ही 200+ का स्कोर बना है, लेकिन आरसीबी और सीएसके जैसी टीमें आमने-सामने हों तो रनों की बारिश तय मानी जा रही है। आंकड़ों की बात करें तो यहां अब तक 99 IPL मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से 53 बार रन चेज़ करने वाली टीम जीती है। ऐसे में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनना दोनों कप्तानों की प्राथमिकता हो सकती है।
IPL इतिहास में अब तक आरसीबी और सीएसके के बीच 34 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 21 बार चेन्नई ने जीत दर्ज की है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में मुकाबला बराबरी का रहा है। 2022 से अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 6 मैचों में दोनों ने 3-3 जीत दर्ज की हैं।
संभावित प्लेइंग XI:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा।
चेन्नई सुपर किंग्स: शेख रशीद, आयुष म्हात्रे, सैम करन, रविंद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, दीपक हुडा, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), मथीशा पथिराना, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कंबोज।





