MI ने रोका दिल्ली का विजय रथ, उसके बाद दिल्ली पर लगा लाखों का जुर्माना

आईपीएल 2025 के 29वें मुकाबले में दिल्ली केपिटल्स को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा है. इस मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली के विजय रथ को रोका साथ ही इस सीजन में अपनी दूसरी जीत भी हासिल की. DC को पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ करीबी मुकाबले में 12 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
दिल्ली के लिए कल का दिन बेहद खराब रहा. जहां एक ओर टीम को करीबी मुकाबले में 12 रनों से हार का सामना करना पड़ा वहीं दूसरी तरफ मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए उनके ऊपर जुर्माना लगाया गया है. आईपीएल की तरफ से जारी किए गए एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि एमआई के खिलाफ धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए अक्षर पटेल के ऊपर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जिसके साथ ही वह जारी सीजन में सैमसन, पंड्या और पंत जैसे कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. इन कप्तानों के ऊपर भी मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए जारी सीजन में जुर्माना लगाया जा चुका है.
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई की टीम 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाने में कामयाब हुई थी. टीम के लिए तिलक वर्मा (59) ने अर्धशतक लगाया, जबकि रिकेल्टन (41) और सूर्यकुमार यादव (40) बेशकीमती पारी खेलने में कामयाब रहे.
206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत शानदार रही. दिल्ली की तरफ से करुण नायर ने महज 40 गेंदों में 89 रनों की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की पूरी टीम 19 ओवरों में 193 रनों पर ऑलआउट हो गई. नतीजन उसे 12 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





