IPL2025

गुजरात-राजस्थान आमने-सामने, प्लेऑफ की रेस में बने रहने को जीत जरूरी

आईपीएल 2025 के एक अहम मुकाबले में बुधवार को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें इस मैच में जीत हासिल कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी। जहां गुजरात के अभी छह अंक हैं, वहीं राजस्थान के खाते में चार अंक हैं। दोनों ही टीमों के गेंदबाज अब तक प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, जिससे टीमों की चिंता बढ़ गई है।

गुजरात की गेंदबाजी में अब तक सिर्फ मोहम्मद सिराज और आर साई किशोर ही लय में नजर आए हैं। स्टार स्पिनर राशिद खान और अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की खराब फॉर्म टीम के लिए चुनौती बन गई है। राशिद ने अब तक चार मैचों में केवल एक विकेट लिया है और प्रति ओवर 10 से अधिक रन खर्च किए हैं। वहीं ईशांत शर्मा ने तीन मुकाबलों में केवल एक विकेट लिया है और उनका इकॉनमी रेट 12 रन प्रति ओवर रहा है।

गुजरात की गेंदबाजी में गहराई की कमी दिख रही है। अरशद खान और फजलहक फारूकी जैसे गेंदबाज अपेक्षा पर खरे नहीं उतर सके हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन इस मुकाबले में गेराल्ड कोएट्जे या महिपाल लोमरोर को प्लेइंग-11 में मौका दे सकता है। हालांकि, उन्हें राजस्थान के बल्लेबाजों का सामना करना होगा जिनमें संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और नीतीश राणा जैसे नाम हैं, जो तेज स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। यशस्वी जायसवाल भी हाल में अर्धशतक लगाकर फॉर्म में लौट चुके हैं।

राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाजी भी अब तक प्रभावशाली नहीं रही है। संदीप शर्मा को छोड़ दें तो बाकी गेंदबाजों में निरंतरता की कमी रही है। हालांकि पिछले मैच में जोफ्रा आर्चर ने 25 रन देकर तीन विकेट लेकर लय में वापसी के संकेत दिए हैं। टीम को उनसे एक बार फिर इसी प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल रही है। यहां अब तक चार पूर्ण पारियों में 243, 232, 196 और 160 रन बन चुके हैं। गुजरात की बल्लेबाजी में भी गहराई नजर आई है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, शाहरुख खान और वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी रन बनाने में सक्षम हैं। वाशिंगटन सुंदर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 49 रन बनाकर यह साबित किया था।

संभावित प्लेइंग-11:

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान व विकेटकीपर), नीतीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेत्मायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, युद्धवीर सिंह चरक, संदीप शर्मा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button