महान देशभक्ति युद्ध परेड में भाग लेने के लिए रूस का दौरा कर सकते हैं PM Modi: रिपोर्ट

रूसी समाचार एजेंसी TASS ने बुधवार को सैन्य हलकों के एक सूत्र के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 मई को मॉस्को के रेड स्क्वायर पर होने वाली परेड में भाग लेने के लिए रूस जा सकते हैं. यह परेड महान देशभक्तिपूर्ण युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की जाएगी.
TASS द्वारा उद्धृत सैन्य सूत्र के अनुसार, प्रधानमंत्री की यात्रा की “उच्च संभावना” है. TASS की रिपोर्ट के अनुसार एजेंसी के सूत्र ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 मई को मॉस्को में होने वाली परेड में भाग लेने की योजना बना रहे हैं. इसकी बहुत अधिक संभावना है कि ऐसा होगा.”
बता दें कि पीएम मोदी के अलावा कई अन्य देशों के राष्ट्र प्रमुख भी ग्रेट पैट्रियोटिक वॉर परेड में बतौर अतिथि शामिल हो सकते हैं. रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि कई आमंत्रित देशों ने 9 मई को होने वाली परेड में आने की पुष्टि कर दी है, रूस के राष्ट्रपति दिमित्रि पेसकोव ने कहा है कि कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों को परेड में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है.
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने बीते साल अक्तूबर में भी रूस का दौरा किया था। उस वक्त वे रूस की अध्यक्षता में हुए 16वें ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हुए थे। यह आयोजन रूस के कजान में किया गया था। पीएम मोदी अगर मई में रूस जाते हैं तो उनका ये दौरा ऐसे समय होगा, जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत हो रही है। दोनों देशों के बीच पहले चरण की वार्ता इसी महीने सऊदी अरब के शहर रियाद में हुई है। पीएम मोदी ने पहले ही रूस और यूक्रेन के बीच शांति की अपील की थी।





