दिल्ली: इस बार भी पटाखों पर जारी रहेगा बैन, दिवाली से पहले केजरीवाल सरकार ने लिया फैसला
दिल्ली: इस बार भी पटाखों पर जारी रहेगा बैन, दिवाली से पहले केजरीवाल सरकार ने लिया फैसला
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार भी प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए केजरीवाल सरकार ने दिवाली पर पटाखों के फोड़ने पर बैन लगा दिया है। सरकार ने पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह बैन लगा दिया गया है। दिल्ली सरकार ने सर्दियों में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए राजधानी में पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
आप AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि “दिल्ली सरकार पूरे साल दिल्ली में प्रदूषण स्तर को कम करने के लिए काम कर रही है। जिसका परिणाम है कि दिल्ली में प्रदूषण स्तर पिछले साल के तुलना में लगातार कम हो रहे हैं लेकिन सर्दियों में प्रदूषण का स्तर सामान्य महीने के तुलना में काफी बढ़ जाता है। सर्दियों के प्रदूषण स्तर को नियंत्रित करने के लिए सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है…इस बार भी पटाखों के उत्पादन, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली के लोगों से यही अपील है कि वह जैसे हर साल दिल्ली प्रदूषण कम करने के लिए प्रयास कर रहे हैं तो इस बार भी हम मिलकर यही प्रयास करेंगे। त्योहारों को हम धूमधाम से मनाएंगे लेकिन पटाखों का उपयोग नहीं करेंगे। जिस दिन से नोटिफिकेशन जारी होगा उस दिन से 1 जनवरी तक प्रतिबंध रहेगा।..”
#WATCH दिल्ली: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री और AAP नेता गोपाल राय ने कहा, “दिल्ली सरकार पूरे साल दिल्ली में प्रदूषण स्तर को कम करने के लिए काम कर रही है। जिसका परिणाम है कि दिल्ली में प्रदूषण स्तर पिछले साल के तुलना में लगातार कम हो रहे हैं लेकिन सर्दियों में प्रदूषण का स्तर सामान्य… pic.twitter.com/yWGkqXnJNU
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 9, 2024
गौरतलब है कि दिल्ली में सर्दियों के समय हर बार प्रदूषण बढ़ जाता है। राजधानी में सांस लेना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सरकार की तरफ से प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए अलग-अलग उपाय किए जाते हैं। ऐसे में दिवाली के समय पटाखों की खरीद-बिक्री पर रोक भी एक उपाय होता है। इसके बावजूद दीवाली के दिन लोग पटाखे फोड़ने से बाज नहीं आते हैं। तमाम प्रतिबंधों और दिशा-निर्देश के बावजूद हर साल दिवाली पर भारी प्रदूषण देखने को मिलता है। पिछले साल भी दिवाली के दिन खूब पटाखे फोड़े गए थे।
ऐसे में इस प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए दिल्ली पुलिस, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति और राजस्व विभाग मिलकर कार्य करेंगे। इस संबंध में सभी संबंधित विभागों की तरफ से मिलकर कार्य योजना तैयार की जाएगी। सरकार की तरफ से इस संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे। सरकार की तरफ से गठित टीमें प्रतिबंध को लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगी। इसके लिए दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की तरफ से अधिसूचना भी जारी की जाएगी।





