एक ही फ्लाइट से दिल्ली आ रहे हैं सीएम नीतीश और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी, NDA और INDIA की बैठक में होंगे शामिल, अन्य नेता भी पहुंचे दिल्ली

एक ही फ्लाइट से दिल्ली आ रहे हैं सीएम नीतीश और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी, NDA और INDIA की बैठक में होंगे शामिल, अन्य नेता भी पहुंचे दिल्ली
लोकसभा 2024 चुनावों के नतीजों के सामने आने के बाद विपक्ष भी केंद्र में अपनी सरकार बनाने की कवायद कर रहा है। दरअसल, इस बारे के परिणामों में देश की किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। हालांकि भाजपा के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन बहुमत का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहा है, लेकिन भाजपा पूर्ण बहुमत के आंकड़े को अकेले दम पर छूने में कामयाब नहीं हो सकी है। बता दें कि एनडीए गठबंधन को 292 सीटें मिली है। वहीं, आई.एन.डी.आई. गठबंधन को 243 सीटें मिली हैं।
ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दोनों ही गठबंधन अपने-अपने घटक दलों के साथ बैठक करने वाले हैं। NDA और INDIA दोनों ही गठबंधनों ने आज दिल्ली में अपने-अपने घटक दलों की मीटिंग बुलाई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, शरद पवार और सुप्रिया सुले भी दिल्ली आ रहे हैं।
दिल्ली में आज एनडीए और आई.एन.डी.आई. की बैठक होने वाली है। इस बैठक में शामिल होने के लिए सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पटना से रवाना हो चुके हैं। गौरतलब है कि दोनों नेता एक ही फ्लाइट में दिल्ली के लिए रवाना हुए।
इन नेताओं ने भी किया दिल्ली के लिए प्रस्थान :-
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार और पार्टी सांसद और बारामती से विजयी उम्मीदवार सुप्रिया सुले आज होने वाले INDIA गठबंधन बैठक के लिए मुंबई से दिल्ली पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री और उधमपुर लोकसभा सीट से भाजपा के विजयी उम्मीदवार जितेंद्र सिंह एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह आज एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा, “ओडिशा की जनता ने पीएम मोदी पर अटूट भरोसा रखा…हमें 21 में से 20 सीटें मिली हैं पहली बार ओडिशा में बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनने वाली है।”
दिल्ली: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह आज एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा, “NDA को बहुमत मिल गया है…हमारे गठबंधन में कोई दिक्कत नहीं है सभी वचनबद्ध है।”
केंद्रीय मंत्री और नागपुर से बीजेपी सांसद नितिन गडकरी आज एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा, “लोगों ने मुझ पर तीसरी बार भरोसा किया है और तीसरी बार देश की सेवा करने का मौका दिया है। मैं इसका उपयोग देश के विकास के लिए करूंगा…”
तमिलनाडु के सीएम और डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन आज INDIA गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली रवाना होने के लिए अपनी फ्लाइट में सवार हुए।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के तेलंगाना अध्यक्ष जी किशन रेड्डी दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने कहा, “हमें बहुमत मिला है लेकिन जो उम्मीद थी उससे जरूर कम सीट मिला है, हम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व सरकार बना रहे हैं…हमारी पार्टी को जितना सीट मिला है उतना विपक्ष पार्टी को मिलकर भी नहीं मिला। हमारे गठबंधन के सदस्य सभी साथ में हैं हम मिलकर काम करेंगे।”





