उत्तर भारत में लौटते मानसून के साथ ठंड ने दी दस्तक, हिमालय में बर्फबारी से बढ़ी सर्दी

उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की वापसी के साथ ही अब ठंड ने दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब और केदारनाथ धाम समेत कई इलाकों में दो फीट तक बर्फ जम चुकी है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार बर्फबारी सामान्य समय से पहले शुरू हुई है। आमतौर पर अक्तूबर के आखिर या नवंबर में पहाड़ों पर बर्फ गिरना शुरू होती है, लेकिन इस बार अक्तूबर के पहले हफ्ते से ही बर्फबारी हो रही है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और उत्तराखंड के केदारनाथ, हेमकुंड साहिब के अलावा हिमाचल के कई इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री और पहलगाम में 2.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उत्तराखंड के मुक्तेश्वर में 8.8, नई टिहरी में 9.8 और मसूरी में 11 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल के केलांग में पारा माइनस 1 डिग्री तक लुढ़क गया।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड जल्दी महसूस की जा रही है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 18.1, हिसार में 17.6, फरीदाबाद में 17.7 और दिल्ली में 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह ठंड कुछ दिनों तक जारी रहेगी और फिर तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, इस बार सर्दी सामान्य से ज्यादा कड़ी रहने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की चंद्रा घाटी में मौसम साफ होते ही हिमस्खलन हुआ। हालांकि, इससे किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। क्षेत्र में फिलहाल मौसम सामान्य है और मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही वन-वे व्यवस्था के तहत जारी है।
दक्षिण और पूर्वी राज्यों में जारी बारिश
लौटते मानसून के बावजूद पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। आईएमडी के अनुसार, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों — असम, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय में भी बारिश के आसार हैं। अगले तीन से चार दिनों में उत्तर प्रदेश और बिहार से भी मानसून की पूरी तरह विदाई हो जाएगी।
केरल में ऑरेंज अलर्ट, तमिलनाडु में बाढ़ का खतरा
दक्षिण भारत में भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है। आईएमडी ने केरल के इडुक्की, कन्नूर और कासरगौड़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पठानमथिट्टा, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में पोन्नई नदी के किनारे बसे गांवों के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी है। आंध्र प्रदेश में भी कुछ इलाकों में भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। उत्तर भारत में जहां बर्फबारी और ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत में भारी बारिश अब भी परेशानी का कारण बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन इस साल सर्दी सामान्य से अधिक पड़ने की संभावना है।





