भारत

UIDAI जल्द लॉन्च करेगा नया आधार ऐप, मिलेंगी कई नई डिजिटल सुविधाएँ

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) इसी महीने अपना नया और उन्नत आधार ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है। यह ऐप उपयोगकर्ताओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर परिवार के अधिकतम पाँच सदस्यों के आधार विवरण जोड़ने की सुविधा देगा। साथ ही नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार पूरी या आंशिक आधार जानकारी साझा कर पाएंगे।

नए ऐप में बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक, ओटीपी व फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करने जैसी डिजिटल सेवाएँ भी जोड़ी जा रही हैं। खास बात यह है कि नए ऐप के जरिए ऑफलाइन आधार वेरिफिकेशन भी संभव होगा। इससे आधार की फोटोकॉपी जमा करने या मोबाइल से उसकी तस्वीर भेजने की जरूरत खत्म होने की उम्मीद है।

यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार ने बताया कि ऐप की टेस्टिंग जारी है और अब तक 18 लाख से अधिक लोग इसे डाउनलोड कर चुके हैं। उपयोगकर्ताओं से मिल रहे फीडबैक के आधार पर ऐप को और बेहतर बनाया जा रहा है। ऑफलाइन वेरिफिकेशन से जुड़े नियमों में बदलाव की तैयारी भी चल रही है और हाल ही में हुई यूआईडीएआई बोर्ड बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गई।

घर बैठे होगा मोबाइल नंबर अपडेट

नई डिजिटल सेवा के तहत जल्द ही नागरिक घर बैठे ही अपना आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे। इसके लिए आधार केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उपयोगकर्ता ऐप पर ओटीपी और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए यह प्रक्रिया पूरी कर पाएंगे।

2 करोड़ से अधिक मृत व्यक्तियों के आधार निष्क्रिय

यूआईडीएआई ने हाल ही में अपने डाटाबेस की सबसे बड़ी सफाई अभियान चलाते हुए दो करोड़ से अधिक मृत व्यक्तियों के आधार आईडी बंद कर दिए हैं। इसके लिए प्राधिकरण ने रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया, राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, पीडीएस और राष्ट्रीय सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम समेत कई सरकारी संस्थानों से मिले डाटा का उपयोग किया।

नए ऐप और डिजिटल अपडेट्स के साथ यूआईडीएआई का लक्ष्य आधार सेवाओं को और सरल, सुरक्षित और सुलभ बनाना है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button