तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, 14 नवंबर को लूंगा मुख्यमंत्री पद की शपथ

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जारी एग्जिट पोल भले ही अलग-अलग नतीजे दिखा रहे हों, लेकिन महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने सरकार बनाने का पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने इस बार मजबूती से बदलाव के पक्ष में मतदान किया है और महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा, “बिहार की जनता का आशीर्वाद हमें मिल चुका है। आप मेरी बात लिख लीजिए, 14 नवंबर को मैं मुख्यमंत्री बनने जा रहा हूं।” तेजस्वी ने दावा किया कि इस बार जनता का उत्साह 1995 के चुनावों से भी ज्यादा रहा है और लोगों ने मौजूदा सरकार के खिलाफ भारी संख्या में मतदान किया है। उन्होंने कहा, “यह बिहार में बदलाव का जनादेश है। जनता ने बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट दिया है।”
तेजस्वी यादव ने एग्जिट पोल्स को “मनोवैज्ञानिक दबाव” बनाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा, “एग्जिट पोल तब जारी कर दिए गए जब कई जगह मतदान अभी खत्म भी नहीं हुआ था। ये सर्वे प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव डालने के लिए लाए गए हैं। हम इनसे न खुशफहमी में रहते हैं, न गलतफहमी में।” उन्होंने भाजपा और एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा और उसके सहयोगी बौखलाए हुए हैं, उनके पसीने छूट रहे हैं। जनता ने इस बार मन बना लिया है कि सरकार बदलेगी।”
तेजस्वी यादव ने बताया कि इस बार 2020 के मुकाबले करीब 72 लाख अधिक लोगों ने वोट डाला है, जो एक बड़ा संकेत है। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ा है और यह वोट “बदलाव” के लिए पड़ा है।
महागठबंधन नेता ने सभी सहयोगी दलों, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा, “यह जनता का चुनाव है, यह उनकी जीत होगी। आने वाला परिणाम बिहार की नई दिशा तय करेगा।”





