Fraud and Scam

रिश्वतखोरी और फर्जीवाड़े का नेटवर्क उजागर, सीबीआई ने दो फर्जी अफसरों को किया गिरफ्तार

सीबीआई ने फर्जीवाड़ा और रिश्वतखोरी का गिरोह चलाने के आरोप में दो कथित ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अजीत कुमार पात्रा और मिंकु लाल जैन के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पर लोगों को झूठी पहचान बताकर ठगने और सरकारी अधिकारियों के नाम पर धमकाने के आरोप हैं।

सीबीआई ने बताया कि दोनों आरोपियों ने खुद को केंद्रीय एजेंसियों से जुड़ा अधिकारी बताकर सरकारी सुविधाओं का गलत इस्तेमाल किया। वे शीर्ष अधिकारियों से जान-पहचान का दावा करते हुए लोगों को डराते-धमकाते थे।
पात्रा और जैन सरकारी परिसरों में वीआईपी प्रोटोकॉल का लाभ उठाते थे। दोनों सरकारी आवासों में रहते थे, प्रतिबंधित इलाकों में बेरोक-टोक आते-जाते थे और कई सरकारी व धार्मिक कार्यक्रमों में वीआईपी मेहमान के तौर पर शामिल होते थे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 4 नवंबर को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने एक निजी कंपनी के सीईओ विनोद परिहार के ठिकानों पर छापेमारी की। गिरफ्तारी से बचने के लिए परिहार ने कथित तौर पर दोनों ठगों से संपर्क किया। आरोप है कि पात्रा और जैन ने मामला सुलझाने के नाम पर 18 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।
इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया और मौके से 18 लाख रुपये की रकम बरामद की।

सीबीआई ने जांच के दौरान दोनों के पास से अकूत संपत्ति बरामद की है। एजेंसी ने बताया कि आरोपियों के पास से 3.7 करोड़ रुपये नकद, करीब एक किलो सोने के आभूषण, पात्रा और उसके रिश्तेदारों के नाम पर 26 संपत्तियों के दस्तावेज, चार लग्जरी कारें, 12 अन्य वाहन और कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं।
छापेमारी दिल्ली, राजस्थान और ओडिशा के विभिन्न ठिकानों पर की गई। सीबीआई अब दोनों आरोपियों के नेटवर्क और संभावित सरकारी संपर्कों की जांच कर रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button