Salman Khan के लीगल नोटिस पर भड़के ‘काला हिरन’ फिल्म के, कैमरे पर फाड़ा पत्र

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और आगामी फिल्म ‘काला हिरन’ (Kala Hiran) के मेकर्स के बीच विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म के निर्माता अमित जानी ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उन्हें सलमान खान के प्रशंसकों की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस विवाद के बीच अमित जानी ने कैमरे के सामने सलमान खान द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस को फाड़कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
क्या है पूरा विवाद?
यह फिल्म साल 1998 के चर्चित काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित है। सलमान खान के वकीलों ने इसे ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ (व्यक्तित्व अधिकारों) का गंभीर उल्लंघन बताते हुए फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को एक लीगल नोटिस भेजा था। नोटिस में फिल्म के निर्माण, प्रचार और रिलीज पर तुरंत रोक लगाने तथा 24 घंटे के भीतर बिना शर्त लिखित माफी मांगने की मांग की गई थी। ऐसा न करने पर दीवानी और आपराधिक कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
”मुंबई आने पर सर काटने की धमकी मिल रही है”— अमित जानी
निर्माता अमित जानी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले 36 घंटों में उन्हें धारावी से लेकर जोगेश्वरी तक से करीब 1,000 से अधिक धमकी भरे संदेश मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संदेशों में उन्हें मुंबई आने पर जान से मारने और परिवार को खत्म करने की बात कही जा रही है। कुछ संदेशों में कथित तौर पर ‘डी कंपनी’ (D Company) का भी नाम लिया गया है।
अमित जानी ने वीडियो में नोटिस को टुकड़े-टुकड़े करते हुए कहा:
”यह जो आपका नोटिस है, यह है उसका जवाब। अब हम धमकियां देने वालों और डी कंपनी से खुद निपटेंगे।”
20 जून को रिलीज होना है फिल्म का टीजर
’उदयपुर फाइल्स’ बनाने वाली टीम ही इस फिल्म का निर्माण कर रही है, जिसका निर्देशन भरत एस श्रीनेत कर रहे हैं। कानूनी अड़चनों के बावजूद मेकर्स फिल्म को रोकने के मूड में नहीं हैं और इसका टीजर 20 जून को रिलीज होने के लिए निर्धारित है। वहीं, सलमान खान का यह मामला फिलहाल राजस्थान उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।





