विदेश

G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे पीएम मोदी, कहा- ग्लोबल साउथ की आवाज़ बनेगा भारत

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 और 17 जून को फ्रांस के एवियन में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि G7 में भारत की मौजूदगी दुनिया के देशों के भारत पर बढ़ते भरोसे और उसकी मजबूत वैश्विक पहचान को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को लगातार आठवीं बार G7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मंच पर भारत सिर्फ अपने हितों की बात नहीं करेगा, बल्कि ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को भी दुनिया के सामने रखेगा।

पीएम मोदी 13 से 19 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर रहेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर वह पहले नीस और फिर एवियन तथा पेरिस जाएंगे। इसके बाद वह स्लोवाकिया पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ मुलाकात करेंगे।

स्लोवाकिया यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल निर्माण और रेलवे निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह दौरा यूरोप और G7 देशों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करेगा।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, फ्रांस की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला 52वां G7 शिखर सम्मेलन 15 से 17 जून तक चलेगा। इस दौरान वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों, आर्थिक सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और विकास साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

भारत से मध्य पूर्व की स्थिति और वैश्विक आर्थिक असंतुलन जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखने की उम्मीद की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button