विदेश

एम्स्टर्डम पहुंचे पीएम मोदी, नीदरलैंड दौरे पर रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी पर होगी अहम चर्चा

एम्स्टर्डम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में शुक्रवार को नीदरलैंड पहुंचे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और नीदरलैंड के बीच रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है। नीदरलैंड दौरे के दौरान पीएम मोदी डच प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा वह नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे।

बैठक में सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, रक्षा, इनोवेशन और जल प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। हाल के वर्षों में ये क्षेत्र भारत-नीदरलैंड संबंधों के अहम आधार बनकर उभरे हैं। नीदरलैंड पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का दौरा पूरा किया। वहां उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यूएई को निशाना बनाना किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है और भारत हमेशा यूएई के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई को अपना “दूसरा घर” बताते हुए वहां मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने यूएई एयरफोर्स द्वारा उनके विमान को फाइटर जेट्स से एस्कॉर्ट किए जाने को भारत के लिए गर्व का विषय बताया।

पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा पर संवेदना व्यक्त करने के लिए यूएई नेतृत्व का धन्यवाद भी किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय तनाव के बीच यूएई की संयम, साहस और समझदारी की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कठिन समय में यूएई सरकार और शाही परिवार ने वहां रहने वाले भारतीय समुदाय का पूरा समर्थन किया, जिसके लिए भारत आभारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button