प्रेम संबंध का खौफनाक अंत: इंजीनियर की हत्या कर ड्रम में छिपाई लाश

मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां 26 वर्षीय इंजीनियर की कथित तौर पर उसकी प्रेमिका, उसके पति और अन्य आरोपियों ने मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एक ड्रम में भरकर सुनसान नाले में फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान अरबाज मकसूद अली खान (26) के रूप में हुई है, जो मुंबई के मुंब्रा इलाके का रहने वाला था और डोंबिवली की एक रियल एस्टेट कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करता था।
पुलिस के मुताबिक, अरबाज का साल 2021 से वसई निवासी 25 वर्षीय महिला मेहजबीन शेख के साथ प्रेम संबंध था। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत और रिश्ता सामान्य था, लेकिन बाद में महिला ने अरबाज से पैसों की मांग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अरबाज लंबे समय से महिला को पैसे भेजता था।
जांच में सामने आया कि जब अरबाज ने हर महीने पैसे भेजना बंद कर दिया, तो महिला ने कथित तौर पर अपने पति हसन शेख, भाई तारीक शेख और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल को अरबाज अपने ऑफिस के काम से दादर गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। इसके बाद उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जिससे अरबाज की लोकेशन वसई में मिली।
पुलिस का कहना है कि महिला ने अरबाज को अपने घर बुलाया था और वहां उससे पैसों की मांग की। जब उसके पास कुछ नहीं मिला, तो आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और प्लास्टिक पाइप से हमला किया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक ड्रम में रखा और वलिव थाना क्षेत्र के एक सुनसान नाले में फेंक दिया।
पुलिस ने 7 मई को मेहजबीन और उसके भाई तारीक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इस मामले में पुलिस ने हत्या, अपहरण और सबूत मिटाने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।





