‘हमारी सबसे बड़ी नेमत’, राजकुमार राव और पत्रलेखा ने बेटी का नाम किया रिवील

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा, जो हाल ही में माता-पिता बने हैं, ने अपनी बेटी का नाम फैंस के साथ साझा किया है। रविवार, 18 जनवरी को कपल ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी दी। राजकुमार और पत्रलेखा ने अपनी बेटी की एक प्यारी तस्वीर शेयर की, जिसमें नन्ही उंगलियां माता-पिता के हाथों को थामे नजर आ रही हैं। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
पोस्ट के साथ कपल ने लिखा, “हाथ जोड़कर और दिल भरकर हम अपनी सबसे बड़ी नेमत को आपसे मिलवा रहे हैं।” उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का नाम पार्वती पॉल राव रखा गया है।

बता दें कि राजकुमार राव और पत्रलेखा ने नवंबर 2025 में अपनी पहली संतान का स्वागत किया था। उन्होंने यह खुशखबरी अपनी चौथी शादी की सालगिरह, 15 नवंबर को दी थी। उस वक्त कपल ने लिखा था, “हम बेहद खुश हैं। भगवान ने हमें एक बेटी का आशीर्वाद दिया है।” उन्होंने अपनी बेटी को भगवान की “सबसे बड़ी सौगात” बताया था।
काम की बात करें तो राजकुमार राव जल्द ही फिल्म ‘निकम’ में नजर आएंगे। यह फिल्म मशहूर पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम के जीवन पर आधारित है। अभिनेता ने नवंबर 2025 में इस फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली थी।
इसके अलावा राजकुमार राव और पत्रलेखा ने फिल्म प्रोडक्शन की दुनिया में भी कदम रख दिया है। कुछ महीने पहले दोनों ने मिलकर अपना प्रोडक्शन हाउस KAMPA Film लॉन्च किया था। इस नाम का खास महत्व है, क्योंकि यह दोनों की माताओं के नाम के शुरुआती अक्षरों से मिलकर बना है।
पत्रलेखा ने पहले कहा था, “हम हमेशा कहानी कहने की ताकत में विश्वास करते हैं। KAMPA के जरिए हम अपनी कहानियों को दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।”





