नितिन नबीन बने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी ने माला पहनाकर किया स्वागत

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन को मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में निर्विरोध पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां पद से ज्यादा महत्व कार्यकर्ता होने का होता है। उन्होंने कहा कि लोग भले ही यह सोचते हों कि वह कम उम्र में मुख्यमंत्री और सरकार के प्रमुख बने, लेकिन उनके लिए सबसे बड़ी पहचान यह है कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। पीएम मोदी ने भावुक अंदाज में कहा कि नितिन नबीन उनके बॉस हैं और वह स्वयं एक कार्यकर्ता की भूमिका में हैं।
अध्यक्ष चुने जाने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली के भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और माथा टेका। इसके बाद वे भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां औपचारिक रूप से उनके अध्यक्ष बनने की घोषणा की गई।
भाजपा अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई थी। किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन न आने के कारण नितिन नबीन को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि यह संगठन के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि पार्टी में अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से, पार्टी के संविधान और परंपराओं के अनुसार पूरी की गई है। इसे उन्होंने भाजपा की लोकतांत्रिक सोच और कार्यकर्ता-केंद्रित संस्कृति का प्रतीक बताया।
पीएम मोदी ने देशभर के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि संगठन पर्व को सफल बनाने में सभी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि बीते डेढ़ साल में पार्टी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100वीं जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसर मनाए हैं, जो देश सेवा के संकल्प को और मजबूत करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व अनुभव, परंपरा और राष्ट्र सेवा की भावना से आगे बढ़ता है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।





