मनोरंजन

फैशन, फिल्मों और पर्सनालिटी में किंग! शाहरुख के नाम बड़ी उपलब्धि

‘किंग ऑफ रोमांस’ शाहरुख खान 60 की उम्र में भी अपनी स्टाइल, चार्म और लुक्स से लोगों को लगातार प्रभावित कर रहे हैं। अब न्यूयॉर्क टाइम्स ने उन्हें साल 2025 के 67 सबसे स्टाइलिश लोगों की सूची में शामिल किया है। इस अंतरराष्ट्रीय लिस्ट में दुनिया भर के अलग-अलग क्षेत्रों से नाम चुने गए हैं, लेकिन इन सभी दिग्गजों के बीच शाहरुख खान अकेले भारतीय स्टार हैं। यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि शाहरुख सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, बल्कि फैशन और पर्सनालिटी के मामले में भी वैश्विक स्तर पर पहचान रखते हैं।

शाहरुख का नाम इस सूची में उनके मेट गाला लुक की वजह से शामिल किया गया। इस साल की शुरुआत में हुए मेट गाला में उन्होंने पूरी तरह काले रंग का आउटफिट पहना था, जिसे मशहूर डिजाइनर सब्यसाची ने डिजाइन किया था। शाहरुख के गले में ‘K’ अक्षर वाला क्रिस्टल का लॉकेट भी था, जो उस रात की खास चर्चा बन गया। उनका यह लुक सोशल मीडिया से लेकर इंटरनेशनल फैशन प्लेटफॉर्म्स तक खूब वायरल हुआ और इसी वजह से न्यूयॉर्क टाइम्स की स्टाइल लिस्ट में उनका नाम पहुंचा।

सूची में शाहरुख के नाम के साथ एक नोट भी जोड़ा गया, जिसमें लिखा गया कि शाहरुख खान, जिन्हें उनके फैंस एसआरके के नाम से जानते हैं, बॉलीवुड के सबसे बड़े स्टार और दुनिया के सबसे बड़े अभिनेताओं में से एक हैं। नोट में यह भी बताया गया कि मेट गाला में शाहरुख की यह पहली उपस्थिति थी, लेकिन उन्होंने रेड कार्पेट पर बेहद प्रभावशाली और क्लासिक स्टाइल पेश किया। उनका आत्मविश्वास, कैरिज और आउटफिट की एलेगैंस ने फैशन क्रिटिक्स का ध्यान खींचा।

इस लिस्ट में मनोरंजन की दुनिया के साथ-साथ खेल, बिजनेस और राजनीति से जुड़े कई लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें कई ग्लोबल सेलेब्रिटीज और चर्चित शख्सियतें शामिल हैं, जबकि भारत से सिर्फ शाहरुख खान को जगह मिली। इस तरह न्यूयॉर्क टाइम्स की इस प्रेस्टिजियस स्टाइल लिस्ट में शाहरुख की मौजूदगी भारत के लिए गर्व की बात बनी हुई है।

फिल्मों की बात करें तो शाहरुख खान आगे ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं, जिसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी पहली बार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की कास्ट भी काफी बड़ी है, जिसमें दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ और जयदीप अहलावत जैसे नाम शामिल हैं। फैंस इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साहित हैं और उम्मीद है कि फिल्म रिलीज के साथ शाहरुख एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपना जादू चलाएंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button