भारत

इंडिगो ऑपरेशन में गड़बड़ी पर DGCA की कार्रवाई, 11 एयरपोर्ट्स पर मांगी रिपोर्ट

इंडिगो की उड़ानों में बड़े पैमाने पर देरी और रद्द होने से यात्रियों को हो रही परेशानी के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बुधवार को देश के 11 हवाई अड्डों पर तत्काल जांच के आदेश दिए। DGCA ने अपने अधिकारियों को दो से तीन दिनों के अंदर इन हवाई अड्डों का दौरा करने और जांच पूरी होने के 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं।

जिन हवाई अड्डों की जांच होगी, उनमें नागपुर, जयपुर, भोपाल, सूरत, तिरुपति, विजयवाड़ा, शिरडी, कोचीन, लखनऊ, अमृतसर और देहरादून शामिल हैं। आदेश के अनुसार, जांच का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था, ऑपरेशन की तैयारी, यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं और इंडिगो की प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है।

अधिकारियों को यह भी देखने के लिए कहा गया है कि उड़ानों में देरी और रद्द होने की स्थिति क्या है, टर्मिनल पर भीड़ कैसे संभाली जा रही है, चेक-इन काउंटर, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग गेट्स पर कतारों का प्रबंधन कैसा है। साथ ही यह भी जांचा जाएगा कि इंडिगो और हवाई अड्डों ने पर्याप्त स्टाफ तैनात किया है या नहीं।

DGCA ने निर्देश दिया है कि अधिकारी यह देखें कि एयरलाइन हेल्प डेस्क 24 घंटे काम कर रहे हैं या नहीं, यात्रियों को देरी और रद्दीकरण की जानकारी समय पर मिल रही है या नहीं, और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को दी जा रही सहायता का भी आकलन किया जाएगा।

इसके अलावा, प्रतीक्षा क्षेत्रों में बैठने की व्यवस्था, हवाई अड्डे की सफाई, शौचालयों की स्थिति और हाउसकीपिंग स्टाफ की तैनाती भी रिपोर्ट का हिस्सा होगी। अधिकारियों को यह भी देखने के निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों का लंबित बैगेज समय पर पहुंच रहा है या नहीं और क्या कोई बैकलॉग है। उन्हें यात्रियों से सीधे बात कर फीडबैक लेने के लिए कहा गया है।

जांच में यह भी शामिल है कि इंडिगो के हेल्प डेस्क ठीक से चल रहे हैं या नहीं, एयरलाइन और हवाई अड्डा प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं या नहीं, और शिकायत निपटान की प्रक्रिया प्रभावी है या नहीं। साथ ही देरी और रद्दीकरण की जानकारी एसएमएस, वाट्सऐप और ईमेल के जरिए समय पर भेजी जा रही है या नहीं, यह भी जांचा जाएगा।

अधिकारियों से कहा गया है कि वे हवाई अड्डा निदेशकों, एयरलाइन अधिकारियों, CISF और हवाई अड्डा ऑपरेटरों के साथ समन्वय करके पूरी रिपोर्ट तैयार करें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button