दिल्ली धमाका: देशभर में हाई अलर्ट, गृह मंत्री अमित शाह ने की आपात बैठक

सोमवार की शाम दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट के बाद राजधानी सहित देशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई और कई वाहन जलकर खाक हो गए।
गृह मंत्री अमित शाह ने देर रात दिल्ली में एक उच्च स्तरीय आपात बैठक की, जिसमें केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर तपन डेका, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और एनआईए के डीजी सदानंद वसंत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने वर्चुअल रूप से बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने धमाके से जुड़ी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार शाम रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर एक कार में धमाका हुआ था, जिससे आसपास की कई गाड़ियां जल गईं।
छह मृतकों की पहचान हुई, डीएनए जांच जारी
अब तक विस्फोट में मारे गए 12 लोगों में से छह की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन शवों की पहचान डीएनए जांच से की जाएगी। गृह मंत्री अमित शाह सोमवार रात खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक और चार को बंद कर दिया गया है। लाल किले की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर यातायात रोक दिया गया है और आम जनता की एंट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
जांच में UAPA की धाराएं जोड़ी गईं
दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में मामला विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किया था, लेकिन बाद में इसे गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धाराओं में भी दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस, एनएसजी और फोरेंसिक टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और सबूत जुटाने में लगी हुई हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।





