सुल्तानपुर में साइबर ठगी, एचडीएफसी बैंक खाते से 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी

सुल्तानपुर के खैराबाद निवासी रवि प्रकाश शुक्ल के एचडीएफसी बैंक खाते से 25 और 26 जनवरी को कुल 15 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और रकम की रिकवरी की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 25 जनवरी को दोपहर 2:56 बजे उनके बैंक खाते से 10 लाख रुपये की निकासी हुई, लेकिन इस लेनदेन का कोई मैसेज उनके मोबाइल पर प्राप्त नहीं हुआ। इसके अगले दिन, 26 जनवरी को सुबह 10:22 बजे खाते से 5 लाख रुपये और निकाल लिए गए, जिसकी सूचना मैसेज के जरिए मिली।
5 लाख रुपये की निकासी का मैसेज मिलने के बाद जब रवि प्रकाश शुक्ल ने अपने खाते की जानकारी चेक करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल सिम ब्लॉक मिला। जियो कस्टमर केयर से संपर्क करने के करीब 15 मिनट बाद सिम दोबारा चालू हुआ, लेकिन तब तक मोबाइल बैंकिंग और फोन पे के पासवर्ड अमान्य हो चुके थे।
इसके बाद उन्होंने एचडीएफसी बैंक कस्टमर केयर से संपर्क किया, जहां उन्हें खाते से कुल 15 लाख रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत अपना बैंक खाता ब्लॉक कराया और साइबर क्राइम विभाग को पूरे मामले की जानकारी दी।
पीड़ित ने बताया कि बीते करीब 30 दिनों से उनका मोबाइल नंबर बार-बार बंद किया जा रहा था। इस संबंध में वे कई बार जियो कस्टमर केयर में शिकायत दर्ज करा चुके थे। हर बार उन्हें कस्टमर केयर से संपर्क कर सिम दोबारा चालू कराना पड़ता था। पूछताछ करने पर बताया जाता था कि उनका मोबाइल स्थायी रूप से बंद या खोया हुआ दर्ज है।
रवि प्रकाश शुक्ल ने अधिकारियों से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनके खाते से निकाली गई रकम वापस कराई जाए।





