Amazon का बड़ा ऐलान: भारत में 2030 तक 35 अरब डॉलर का निवेश

ई-कॉमर्स कंपनी Amazon ने भारत में बड़ा निवेश करने की योजना बनाई है। कंपनी 2030 तक अपने सभी कारोबारों में 35 अरब डॉलर (लगभग ₹3.14 लाख करोड़) का निवेश करेगी। यह जानकारी कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (इमर्जिंग मार्केट्स) अमित अग्रवाल ने बुधवार को Amazon Smbhav Summit के दौरान दी।
अग्रवाल ने बताया कि Amazon का लक्ष्य भारत से निर्यात को बढ़ाकर 80 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। अभी तक कंपनी भारत से लगभग 20 अरब डॉलर का निर्यात कराने में मदद कर चुकी है। इसके साथ ही कंपनी 2030 तक 10 लाख नई नौकरियां पैदा करने का भी लक्ष्य रखती है, जिनमें डायरेक्ट, इनडायरेक्ट और सीज़नल जॉब्स शामिल होंगी।
अमेज़न ने 2010 से अब तक भारत में 40 अरब डॉलर का निवेश किया है। अब कंपनी अगले 5 सालों में 35 अरब डॉलर और लगाएगी। यह निवेश Microsoft के 17.5 अरब डॉलर और Google के 15 अरब डॉलर के निवेश से कहीं ज़्यादा है। अग्रवाल के मुताबिक, Amazon भारत में सबसे बड़ा विदेशी निवेशक है।
कंपनी ने इससे पहले 2023 में घोषणा की थी कि वह 2030 तक तेलंगाना और महाराष्ट्र में क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर 12.7 अरब डॉलर खर्च करेगी। 2016 से 2022 के बीच कंपनी भारत में 3.7 अरब डॉलर का निवेश कर चुकी है।
Amazon का कहना है कि उसने भारत में फिजिकल और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे फुलफिलमेंट सेंटर, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क, डेटा सेंटर, डिजिटल पेमेंट्स और टेक्नॉलॉजी डवलपमेंट पर बड़े पैमाने पर काम किया है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अब तक 1.2 करोड़ से ज्यादा छोटे व्यवसायों को डिजिटल बनाया है, लगभग 20 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात में मदद की है और 28 लाख नौकरियों को सपोर्ट किया है।
निर्यात बढ़ाने के लिए Amazon ने “Accelerate Exports” अभियान शुरू किया है। इसका मकसद डिजिटल उद्यमियों को भरोसेमंद मैन्युफैक्चरर्स से जोड़ना और उन्हें दुनिया भर में बेचने में मदद करना है। इसके तहत अमेज़न सूरत, कानपुर और तिरुपुर जैसे 10 से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर्स में ऑन-ग्राउंड ऑनबोर्डिंग ड्राइव आयोजित करेगा।
साथ ही Smbhav Summit में Amazon ने Apparel Export Promotion Council of India के साथ साझेदारी की घोषणा की, जिससे इस कार्यक्रम को पूरे देश में विस्तार दिया जाएगा।





