एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जाने वाली फ्लाइट AI-159 को मंगलवार को ऐन वक्त पर रद्द कर दिया गया। यह वही रूट है, जिस पर कुछ दिन पहले विमान AI-171 हादसे का शिकार हुआ था। विमान को दोपहर 1:10 बजे रवाना होना था, लेकिन अब इसे परिचालन संबंधी कारणों से रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को इस फैसले की जानकारी आखिरी समय पर मिली, जिससे वे हवाई अड्डे पर काफी परेशान दिखे।
हवाई अड्डे के अधिकारियों के मुताबिक, इस रूट की उड़ान को अब AI-171 के स्थान पर AI-159 कोड से संचालित किया जा रहा है। हालांकि, इस रद्दीकरण के पीछे के ‘परिचालन कारणों’ के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। एअर इंडिया की वेबसाइट पर भी उड़ान रद्द होने की पुष्टि की गई है। एअर इंडिया के इस फैसले से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। एक यात्री ने बताया कि वह दोपहर 1 बजे की फ्लाइट से लंदन रवाना होने वाला था, लेकिन बिना कोई स्पष्ट कारण बताए फ्लाइट रद्द कर दी गई। क्रू मेंबर्स से रिफंड या अगली फ्लाइट की जानकारी भी नहीं मिल पाई। कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्हें अगले दिन सुबह 11 बजे की फ्लाइट में सीट देने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल बिल्डिंग से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में कुल 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी। केवल एक ब्रिटिश नागरिक जीवित बच पाया। इसके बाद से इस रूट और ड्रीमलाइनर विमानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बीते दो दिन में एअर इंडिया के तीन बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमानों में तकनीकी खराबी सामने आई है। सोमवार को हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI315 को उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के चलते वापस लौटना पड़ा। इसी तरह, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट AI180 को कोलकाता में तकनीकी खराबी के कारण रुकना पड़ा। जानकारी के अनुसार, इस विमान के बाएं इंजन में गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद यात्रियों को सुबह 5:20 बजे विमान से नीचे उतारा गया।
सिर्फ एअर इंडिया ही नहीं, रविवार को ब्रिटिश एयरवेज की लंदन से चेन्नई जा रही फ्लाइट BA35 में भी तकनीकी खराबी की जानकारी सामने आई थी। उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही पायलटों ने फ्लैप सिस्टम में गड़बड़ी पाई। इसके चलते विमान को हवा में कई चक्कर लगाने पड़े और अतिरिक्त ईंधन गिराया गया ताकि वजन कम कर सुरक्षित लैंडिंग की जा सके। अंततः फ्लाइट को एक घंटे 45 मिनट बाद सुरक्षित लैंड करवा लिया गया।
पिछले कुछ दिनों में लगातार सामने आ रही ड्रीमलाइनर विमानों की तकनीकी समस्याओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर अहमदाबाद-लंदन रूट पर हालिया हादसे के बाद से इस मार्ग पर उड़ानों को लेकर डर का माहौल है। एअर इंडिया को अब अपने विमानों की तकनीकी जांच और उड़ान सुरक्षा को लेकर और अधिक पारदर्शिता बरतने की ज़रूरत है, ताकि यात्रियों का भरोसा बहाल हो सके।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.