RBI ऑफिस को बम से उड़ाने की मिली धमकी मामले में 3 लोग गिरफ्तार, पूछताछ जारी
मुंबई: आरबीआई कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से बड़ी खबर सामने आ रही है. धमकी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने 3 लोगों को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है.
बता दें कि बीते दिन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को धमकी भरा मेल मिलने से दहशत का माहौल बन गया था. मेल में बम की धमकी के साथ आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के इस्तीफे की मांग की गई थी. मेल में कहा गया है कि मुंबई में आरबीआई कार्यालयों, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक सहित 11 स्थानों पर बम रखे गए हैं और विस्फोट दोपहर 1:30 बजे होगा.
मेल में लिखा था, “हमने मुंबई के विभिन्न स्थानों पर 11 अलग-अलग बम रखे हैं. आरबीआई ने निजी क्षेत्र के बैंकों के साथ मिलकर भारत में सबसे बड़े घोटाले को अंजाम दिया है. इस घोटाले में आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कुछ शीर्ष वित्त अधिकारी और भारत के कुछ प्रसिद्ध मंत्री शामिल हैं. हमारे पास इसके लिए पर्याप्त सबूत हैं.”
हालांकि आरबीआई की केंद्रीय कार्यालय इमारत और दो अन्य बैंकों समेत इन स्थानों पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर की ईमेल आईडी पर मंगलवार सुबह करीब 10.50 मिनट पर ‘खिलाफत डॉट इंडिया’ नामक आईडी से ईमेल भेजा गया, जिसमें आरबीआई की नई केंद्रीय कार्यालय इमारत, चर्चगेट में एचडीएफसी हाउस और बांद्रा-कुर्ला कॉप्लेक्स में आईसीआईसीआई बैंक टावर में बम धमाके की धमकी दी गई.





